भारत-UAE के बीच 14वीं JDCC बैठक, रक्षा उद्योग, AI और समुद्री सुरक्षा में सहयोग बढ़ाने पर सहमति
भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के लिए संयुक्त रक्षा सहयोग समिति (JDCC) की 14वीं बैठक 26 नवंबर 2026 को अबू धाबी में आयोजित हुई. बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और UAE के रक्षा मंत्रालय के अवर सचिव लेफ्टिनेंट जनरल इब्राहिम नासिर एम. अल अलावी ने की.
बैठक के दौरान मई 2026 में प्रधानमंत्री की UAE यात्रा के दौरान हस्ताक्षरित भारत-UAE रणनीतिक रक्षा साझेदारी रूपरेखा के तहत निर्धारित कार्यक्रमों को रणनीतिक दिशा प्रदान की गई. दोनों देशों ने रक्षा उद्योग, रक्षा नवाचार, उन्नत प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सुरक्षा, सैन्य प्रशिक्षण और समुद्री सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर सहमति जताई.
इसके साथ ही, दोनों पक्षों ने अगली पीढ़ी के रक्षा उपकरणों के संयुक्त विकास और संयुक्त उत्पादन से जुड़ी साझेदारियों को आगे बढ़ाने पर भी सहमति व्यक्त की. दोनों देशों के सह-अध्यक्षों ने अगली JDCC बैठक से पहले रक्षा सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति की नियमित समीक्षा करने का निर्णय लिया.
बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल में रक्षा विभाग, भारतीय सशस्त्र बलों, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधि शामिल थे. भारतीय रक्षा उद्योग का एक प्रतिनिधिमंडल भी B2B (Business-to-Business) साझेदारियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बैठक में शामिल हुआ. इस दौरान दोनों देशों के रक्षा उद्योगों के प्रतिनिधियों के बीच व्यापारिक संवाद भी हुआ.

भारतीय रक्षा उद्योग के प्रतिनिधिमंडल ने तवाजुन औद्योगिक पार्क का दौरा किया और UAE की तवाजुन आर्थिक परिषद के साथ बैठक की. इन बैठकों में दोनों देशों के रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की गई और साझेदारी के नए अवसर तलाशने पर जोर दिया गया.
रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने UAE के रक्षा मामलों के राज्य मंत्री मोहम्मद बिन मुबारक फादेल अल मजरूई से भी मुलाकात की. इस दौरान खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र की उभरती भू-राजनीतिक स्थिति पर चर्चा हुई. दोनों पक्षों ने अपनी रणनीतिक रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई. रक्षा सचिव ने इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की ओर से भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं.
इससे पहले, रक्षा सचिव ने अबू धाबी स्थित ‘वहात अल करामा’ स्मारक पर UAE की सेवा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की.
भारत और UAE के बीच ऐतिहासिक संबंध व्यापार, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत संपर्कों पर आधारित हैं. समय के साथ इन संबंधों ने रणनीतिक साझेदारी का स्वरूप हासिल किया है, जिसमें रक्षा सहयोग एक महत्वपूर्ण स्तंभ बनकर उभरा है.