भारत-नेपाल संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘Surya Kiran 2026’ का 20वां संस्करण शुरू, दोनों देशों के 668 सैनिक ले रहे हिस्सा

भारत-नेपाल संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘Surya Kiran 2026’ का 20वां संस्करण शुरू, दोनों देशों के 668 सैनिक ले रहे हिस्सा

भारत और नेपाल के बीच 20वां संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘Surya Kiran 2026’ नेपाल के सलझंडी स्थित नेपाल आर्मी बैटल स्कूल में शुरू हो गया है. यह अभ्यास 25 नवंबर से 8 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है. अभ्यास का उद्देश्य चुनौतीपूर्ण भूभाग में आतंकवाद-रोधी और उग्रवाद-रोधी अभियानों के लिए संयुक्त प्रशिक्षण के माध्यम से दोनों देशों की सेनाओं के बीच अंतर-संचालन क्षमता (इंटरऑपरेबिलिटी), परिचालन समन्वय और आपसी समझ को बढ़ाना है.

भारत-नेपाल संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘Surya Kiran 2026’ का 20वां संस्करण शुरू, दोनों देशों के 668 सैनिक ले रहे हिस्सा
फोटो -IndiaInNepal, @IndiaInNepal

अभ्यास के उद्घाटन समारोह में नेपाल सेना के मध्य पश्चिमी डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) मेजर जनरल पूर्ण बहादुर खत्री मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे. भारतीय सेना की ओर से 334 सैन्यकर्मियों का दल इस अभ्यास में भाग ले रहा है, जिसका प्रतिनिधित्व कुमाऊं रेजिमेंट के जवान कर रहे हैं. वहीं, नेपाल सेना की ओर से भी 334 सैन्यकर्मियों का दल भाग ले रहा है, जिसका प्रतिनिधित्व श्री ज्वाला दल बटालियन कर रही है.

वीडियो – ADG PI – INDIAN ARMY, @adgpi

इस संयुक्त सैन्य अभ्यास के दौरान दोनों देशों की सेनाएं चुनौतीपूर्ण भूभाग में आतंकवाद-रोधी और उग्रवाद-रोधी अभियानों के संचालन के लिए संयुक्त प्रशिक्षण करेंगी. अभ्यास के दायरे में संयुक्त सामरिक अभियान, हेलीकॉप्टर के जरिए सैनिकों की तैनाती, आपदा प्रतिक्रिया और चिकित्सा प्रशिक्षण शामिल हैं.

दोनों देशों की सेनाओं के जवान अपने परिचालन अनुभवों और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करेंगे. साथ ही, संयुक्त अभियानों की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए अपनी रणनीतियों, तकनीकों और प्रक्रियाओं को और बेहतर बनाएंगे.

भारत-नेपाल संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘Surya Kiran 2026’ का 20वां संस्करण शुरू, दोनों देशों के 668 सैनिक ले रहे हिस्सा
फोटो -IndiaInNepal, @IndiaInNepal

‘Surya Kiran 2026’ भारत और नेपाल के बीच हर वर्ष आयोजित होने वाला द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास है, जिसका आयोजन बारी-बारी से भारत और नेपाल में किया जाता है. यह अभ्यास दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत करने के साथ-साथ सेनाओं के बीच आपसी विश्वास, सौहार्द और मित्रता को बढ़ावा देगा. इसके साथ ही यह क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और सुरक्षा के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को भी दोहराता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *