Libya के तट पर Ukraine का रूसी नौसेना पर हमला, Corvette Merkury डुबोया और MV ANGARA को बनाया निशाना

Libya के तट पर Ukraine का रूसी नौसेना पर हमला, Corvette Merkury डुबोया और MV ANGARA को बनाया निशाना

Ukraine ने रूस के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई को काला सागर से काफी दूर Libya के तट तक पहुंचा दिया है. यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (SBU) और रक्षा बलों ने संयुक्त अभियान चलाकर लीबिया के बेंगाजी बंदरगाह के पास रूसी नौसेना के युद्धपोत Merkury को डुबोने और रूस के एक सैन्य मालवाहक जहाज MV ANGARA को निशाना बनाने का दावा किया है. इस ऑपरेशन में यूक्रेन में निर्मित सात मानवरहित समुद्री ड्रोन (Unmanned Surface Vessels) का इस्तेमाल किया गया.

Ukraine के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने 23 नवंबर 2026 को इस अभियान की जानकारी देते हुए इसे एक असाधारण सैन्य ऑपरेशन बताया. उन्होंने कहा कि उन्हें अभियान की पूरी जानकारी दी गई है और निर्धारित लक्ष्यों को हासिल कर लिया गया है. जेलेंस्की के मुताबिक, रूसी सेना की ओर से हमले को रोकने के प्रयासों के बावजूद यूक्रेनी समुद्री ड्रोन अपने लक्ष्यों तक पहुंचने में सफल रहे.

रूसी नौसेना का 2023 में शामिल हुआ युद्धपोत डुबोया

यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (SBU) के अनुसार, इस अभियान का पहला प्रमुख लक्ष्य रूसी नौसेना का Project 20380 श्रेणी का मल्टीपरपज कॉर्वेट (Corvette) Merkury था. इसका हुल नंबर 734 है. यह रूसी नौसेना के ब्लैक सी फ्लीट का हिस्सा था और दुश्मन के नौसैनिक काफिलों को सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ सैन्य रसद की आवाजाही में भी भूमिका निभाता था.

SBU के मुताबिक, इस युद्धपोत को 2023 में रूसी नौसेना में शामिल किया गया था. हमले के समय यह लीबिया के बेंगाजी बंदरगाह के पास मौजूद था. यूक्रेनी समुद्री ड्रोन के हमले में यह युद्धपोत नष्ट होकर समुद्र में डूब गया. जहाज पर मौजूद रूसी नौसेना का Ka-27 मल्टीपरपज हेलीकॉप्टर भी इसके साथ नष्ट हो गया.

वीडियो क्रेडिट – Volodymyr Zelenskyy / Володимир Зеленський,@ZelenskyyUa

MV ANGARA को भी बनाया निशाना

इस अभियान का दूसरा लक्ष्य रूसी मालवाहक जहाज MV ANGARA था. SBU के अनुसार, यह जहाज रूस की सैन्य रसद व्यवस्था का हिस्सा था और सैन्य उपकरणों तथा हथियारों के परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा था.

यूक्रेनी सुरक्षा सेवा का कहना है कि यह जहाज रूस के तथाकथित ‘Syrian Express’ और ‘Libyan Express’ सैन्य लॉजिस्टिक्स नेटवर्क के तहत भी काम करता था. यूक्रेन ने इस जहाज को निशाना बनाया और हमले में इसे नुकसान पहुंचा. हालांकि, यूक्रेन ने इसके डूबने की पुष्टि नहीं की है.

मदर शिप से लॉन्च किए गए सात समुद्री ड्रोन

SBU की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस विशेष अभियान में सात Ukraine निर्मित मानवरहित समुद्री नौकाओं का इस्तेमाल किया गया. इन ड्रोनों को एक मदर शिप के जरिए निर्धारित क्षेत्र तक पहुंचाया गया और वहां से लॉन्च किया गया.

यूक्रेनी सुरक्षा सेवा का दावा है कि रूस ने हवाई, समुद्री और जमीनी माध्यमों से इन ड्रोनों को रोकने की कोशिश की, लेकिन यूक्रेनी ड्रोन अपने लक्ष्यों को ट्रैक करने और उन पर हमला करने में सफल रहे.

Libya के तट पर Ukraine का रूसी नौसेना पर हमला, Corvette Merkury डुबोया और MV ANGARA को बनाया निशाना
फोटो – Volodymyr Zelenskyy / Володимир Зеленський, @ZelenskyyUa

SBU ने दोनों रूसी जहाजों को वैध सैन्य लक्ष्य बताते हुए कहा कि वे रूस की सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने और उसकी सैन्य गतिविधियों में सीधे योगदान दे रहे थे.

लीबिया तक पहुंचा Ukraine का समुद्री ड्रोन अभियान

इस ऑपरेशन की खास बात इसका भौगोलिक क्षेत्र है. यूक्रेन ने रूस के युद्धपोत को उसके पारंपरिक युद्धक्षेत्र से काफी दूर लीबिया के बेंगाजी बंदरगाह के पास निशाना बनाया. इससे यह भी सामने आया है कि यूक्रेन अपनी समुद्री ड्रोन क्षमताओं का इस्तेमाल दूरस्थ समुद्री क्षेत्रों में रूसी सैन्य और लॉजिस्टिक्स ठिकानों को निशाना बनाने के लिए कर रहा है.

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन निर्धारित समुद्री क्षेत्रों में अपने अभियान जारी रखेगा. उन्होंने इस ऑपरेशन में शामिल यूक्रेन की सुरक्षा सेवा और रक्षा बलों के जवानों की सराहना करते हुए कहा कि यूक्रेन रूसी आक्रामकता का जवाब दे रहा है और अपने स्वदेशी हथियारों का विकास कर रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *