Gujarat में NH-754A पर उतरे Indian Army के 4 विमान, सफल लैंडिंग के बाद फिर भरी उड़ान
Indian Army और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने सामरिक बुनियादी ढांचे और सैन्य जरूरतों के बीच तालमेल का एक महत्वपूर्ण प्रदर्शन किया है. गुजरात में अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर (NH-754A) पर भारतीय सेना के चार माइक्रोलाइट विमानों ने सफलतापूर्वक लैंडिंग की और इसके बाद वहीं से दोबारा उड़ान भरी.
यह गतिविधि भारतीय सेना की ‘टीम माउंटेन ईगल्स’ (Team Mountain Eagles) ने ‘विंग्स ऑफ वेलर एंड यूनिटी एक्सपीडिशन’ (Wings of Valour and Unity Expedition) के तहत पूरी की. विमानों ने गुजरात में अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर के किलोमीटर 946 से 949 के बीच हाईवे पर लैंडिंग और टेकऑफ किया.

इस प्रदर्शन को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और NHAI के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है. इसका उद्देश्य यह दिखाना है कि आधुनिक राष्ट्रीय राजमार्ग केवल सड़क परिवहन और आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जरूरत पड़ने पर उनका इस्तेमाल सशस्त्र बलों की सामरिक और परिचालन आवश्यकताओं को पूरा करने में भी किया जा सकता है.
इस पहल से यह भी सामने आया है कि उपयुक्त सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय के साथ राष्ट्रीय राजमार्गों का इस्तेमाल एयरो-एडवेंचर, पर्यटन और अन्य उभरती गतिविधियों के लिए भी किया जा सकता है.
इस सफल अभियान के लिएIndian Army की टीम माउंटेन ईगल्स, NHAI और इसमें शामिल सभी संबंधित अधिकारियों की सराहना की गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार राष्ट्रीय राजमार्गों का ऐसा नेटवर्क विकसित करने पर जोर दे रही है, जो देश की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास के साथ-साथ रक्षा, सामरिक जरूरतों और आपातकालीन परिस्थितियों में भी उपयोगी साबित हो.