लेफ्टिनेंट जनरल NS Raja Subramani बने भारत के नए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ

लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) बने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ

भारत सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल NS Raja Subramani, पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम, वीएसएम (सेवानिवृत्त) को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ नियुक्त किया है. वे कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तथा अगले आदेश तक भारत सरकार के सैन्य मामलों के विभाग के सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे. वर्तमान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, पीवीएसएम, यूवाईएसएम, एवीएसएम, एसएम, वीएसएम 30 मई 2026 को अपना कार्यकाल पूर्ण करेंगे.

लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि वर्तमान में 01 सितंबर 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं. इससे पूर्व वे 01 जुलाई 2024 से 31 जुलाई 2025 तक सेना उप प्रमुख रहे तथा मार्च 2023 से जून 2024 तक केंद्रीय कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के पद पर कार्यरत थे.

जनरल ऑफिसर राष्ट्रीय रक्षा अकादमी तथा भारतीय सैन्य अकादमी के स्नातक है NS Raja Subramani

जनरल ऑफिसर राष्ट्रीय रक्षा अकादमी तथा भारतीय सैन्य अकादमी के स्नातक हैं. उन्हें 14 दिसंबर 1985 को गढ़वाल राइफल्स की 8वीं बटालियन में कमीशन प्राप्त हुआ था. वे यूनाइटेड किंगडम स्थित जॉइंट सर्विसेज कमांड स्टाफ कॉलेज, ब्रैकनेल तथा नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के पूर्व छात्र हैं. उन्होंने किंग्स कॉलेज, लंदन से मास्टर ऑफ आर्ट्स तथा मद्रास विश्वविद्यालय से रक्षा अध्ययन में एमफिल की उपाधि प्राप्त की है.

लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) बने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ

40 वर्षों से अधिक के अपने गौरवपूर्ण करियर में लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने विभिन्न संघर्ष क्षेत्रों और भौगोलिक परिस्थितियों में सेवा दी है तथा अनेक कमान, स्टाफ और प्रशिक्षण संबंधी दायित्वों का निर्वहन किया है. उन्होंने ऑपरेशन राइनो के अंतर्गत असम में उग्रवाद-रोधी अभियानों के दौरान 16 गढ़वाल राइफल्स की कमान संभाली.

इसके अतिरिक्त उन्होंने जम्मू-कश्मीर में 168 इन्फैंट्री ब्रिगेड तथा चुनौतीपूर्ण परिचालन परिस्थितियों में केंद्रीय सेक्टर में 17 माउंटेन डिवीजन की कमान भी संभाली. उन्हें भारतीय सेना की पश्चिमी मोर्चे पर तैनात प्रमुख स्ट्राइक कोर ‘II कोर’ की कमान संभालने का गौरव भी प्राप्त है.

जनरल ऑफिसर के स्टाफ और प्रशिक्षण संबंधी दायित्वों में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में डिविजनल ऑफिसर, माउंटेन ब्रिगेड में ब्रिगेड मेजर, कजाकिस्तान में रक्षा अताशे, मिलिट्री सेक्रेटरी शाखा में सहायक सैन्य सचिव, पूर्वी कमान मुख्यालय में कर्नल जनरल स्टाफ (ऑपरेशंस), जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय राइफल्स सेक्टर के उप कमांडर, रक्षा मंत्रालय (सेना) के एकीकृत मुख्यालय में सैन्य खुफिया के उप महानिदेशक, पूर्वी कमान में ब्रिगेडियर जनरल स्टाफ (ऑपरेशंस), वेलिंगटन स्थित डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज में चीफ इंस्ट्रक्टर (सेना) तथा उत्तरी कमान मुख्यालय में चीफ ऑफ स्टाफ के पद शामिल हैं. जनरल ऑफिसर को पश्चिमी और उत्तरी सीमाओं पर परिचालन संबंधी परिस्थितियों का गहन ज्ञान और व्यापक समझ है.

विशिष्ट सेवाओं के लिए जनरल ऑफिसर को परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक, सेना पदक तथा विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *