Vladimir Putin ने Volodymyr Zelenskyy को मॉस्को बुलाया, सुरक्षा की गारंटी देने का किया वादा
रूस के राष्ट्रपति Vladimir Putin, ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को सीधे बातचीत के लिए मॉस्को आने का निमंत्रण दिया है. क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव के मुताबिक, पुतिन ने कहा है कि यदि जेलेंस्की रूस के साथ सीधी वार्ता करना चाहते हैं, तो मॉस्को में उनकी सुरक्षा समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जाएंगी. यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है, जब रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों को दोबारा गति देने की कोशिश की जा रही है. हालांकि, दोनों राष्ट्रपतियों की मुलाकात की तारीख या बैठक पर किसी सहमति की घोषणा नहीं हुई है.
फिनलैंड और नॉर्वे के नेताओं की पुतिन से बातचीत के बाद आया प्रस्ताव
27 अक्टूबर 2026 को फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब और नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गाहर स्टोरे ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से फोन पर करीब 90 मिनट तक बातचीत की. इस बातचीत का उद्देश्य यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों को आगे बढ़ाना और संभावित शांति वार्ता के लिए रास्ता तैयार करना था.
क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव के अनुसार, दोनों यूरोपीय नेताओं ने पुतिन को बताया कि जेलेंस्की रूस के राष्ट्रपति के साथ सीधे बातचीत करने में रुचि रखते हैं. इसके जवाब में पुतिन ने जेलेंस्की को मॉस्को आने का निमंत्रण दिया और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही.
हालांकि, रूस की ओर से यह भी कहा गया कि दोनों राष्ट्रपतियों के बीच बैठक तभी अधिक उपयोगी होगी, जब यूक्रेन के भविष्य से जुड़े समझौते पर बातचीत की प्रक्रिया पूरी हो जाए .रूसी पक्ष के मुताबिक, उस स्थिति में दोनों नेता संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए मिल सकते हैं. इससे स्पष्ट है कि मॉस्को का निमंत्रण मिलने के बावजूद राष्ट्रपति स्तर की बैठक की प्रक्रिया और समय को लेकर अभी अनिश्चितता बनी हुई है.
नवंबर में अमेरिका, रूस और यूक्रेन के बीच वार्ता की तैयारी
पुतिन और यूरोपीय नेताओं की बातचीत में रूस, यूक्रेन और अमेरिका के प्रतिनिधियों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता दोबारा शुरू करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई. रूसी पक्ष के अनुसार, प्रस्तावित बातचीत संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में हो सकती है.
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने भी 27 अक्टूबर को स्टब और स्टोरे से बातचीत की. उन्होंने दोनों नेताओं के कूटनीतिक प्रयासों के लिए आभार जताया और कहा कि रूस को ऊर्जा क्षेत्र तथा बुनियादी ढांचे पर तनाव कम करने के लिए वास्तविक कदम उठाने चाहिए. जेलेंस्की के कार्यालय के मुताबिक, नवंबर में यूक्रेन, अमेरिका और रूस की टीमों के बीच त्रिपक्षीय बैठक की तैयारियों पर भी चर्चा हुई.
क्या मॉस्को में होगी Vladimir Putin और जेलेंस्की की मुलाकात
पुतिन का निमंत्रण रूस और यूक्रेन के बीच सीधे संवाद की संभावित दिशा में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है. लेकिन इसे शांति समझौते की दिशा में निर्णायक सफलता मानना अभी जल्दबाजी होगी. जेलेंस्की की मॉस्को यात्रा, बैठक की तारीख और बातचीत की शर्तों को लेकर अभी कोई अंतिम सहमति सामने नहीं आई है.
फिलहाल, कूटनीतिक प्रयासों का अगला महत्वपूर्ण चरण नवंबर में प्रस्तावित त्रिपक्षीय वार्ता है. इस बातचीत में क्या प्रगति होती है और क्या इससे दोनों देशों के बीच सीधे संवाद का रास्ता खुलता है, यह आगे की स्थिति पर निर्भर करेगा.