Bosnia में Italy का CH-47 चिनूक हेलिकॉप्टर क्रैश, 4 लोगों की हुई मौत और 11 घायल
Bosnia और Herzegovina में यूरोपीय संघ के EUFOR Althea मिशन के तहत तैनात Italy का CH-47 चिनूक सैन्य हेलिकॉप्टर 29 अक्टूबर को दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए. हेलिकॉप्टर में कुल 15 लोग सवार थे. इटली के रक्षा मंत्रालय ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर चार लोगों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है.
यह दुर्घटना बोस्निया के उत्तर-पूर्वी हिस्से में ब्रचको (Brčko) जिले के गोरिसे (Gorice) इलाके में हुई. हेलिकॉप्टर EUFOR Althea मिशन के तहत एक नियमित गतिविधि के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ. हादसे के बाद आपातकालीन राहत एवं बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
रक्षा मंत्री ने चारों मृतकों की पहचान सार्वजनिक की
इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेटो ने हादसे में मारे गए चारों लोगों की पहचान भी सार्वजनिक की है. इनमें इटली की सेना के सार्जेंट सिमोन रुग्गिया और सार्जेंट क्लाउडियो मार्चेसी शामिल हैं. वहीं, इटैलियन रेड क्रॉस के स्वयंसेवी सैन्य कोर के लेफ्टिनेंट फ्रांको एड्रियानो ज़ेक्किलो और सार्जेंट लॉरा प्रोचाची की भी इस दुर्घटना में मौत हुई है.
घायल हुए 11 लोगों का इलाज ब्रचको और तुजला के अस्पतालों में किया जा रहा है. EUFOR के अपडेट के अनुसार, सभी घायलों की स्थिति स्थिर है. इनमें से दो लोगों को आगे के उपचार के लिए तुजला के चिकित्सा केंद्र में स्थानांतरित किया गया है, जबकि नौ लोगों का इलाज ब्रचको में जारी है.
इटली के रक्षा मंत्रालय ने घायलों की देखभाल के लिए सैन्य चिकित्सकों की एक टीम बोस्निया भेजी है. रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेटो ने घोषणा की है कि वह 30 अक्टूबर को इटली के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और अतिरिक्त विशेषज्ञ सैन्य चिकित्सकों के साथ बोस्निया पहुंचेंगे. उनका उद्देश्य घायलों और वहां तैनात इटली के अन्य सैन्यकर्मियों से मुलाकात करना है.
CH-47 चिनूक हेलिकॉप्टर क्रैश हादसे की जांच जारी
EUFOR और इटली के रक्षा मंत्रालय ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हेलिकॉप्टर तकनीकी खराबी, किसी परिचालन संबंधी समस्या या किसी अन्य वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ. इसलिए हादसे के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.
EUFOR Althea बोस्निया और हर्जेगोविना में यूरोपीय संघ का सैन्य मिशन है. इसकी शुरुआत दिसंबर 2004 में हुई थी. यह मिशन बोस्निया में शांति और स्थिरता बनाए रखने तथा 1995 के डेटन शांति समझौते के सैन्य प्रावधानों के अनुपालन में सहयोग करता है. इस मिशन में विभिन्न यूरोपीय देशों के सैन्यकर्मी शामिल हैं.