पोखरण में 14 सितंबर से होगा IAF Dronathon-2026, ड्रोन और काउंटर-ड्रोन तकनीकों का होगा प्रदर्शन
भारतीय वायु सेना (IAF) द्वारा Dronathon-2026 का आयोजन किया जा रहा है. इस आयोजन का उद्देश्य देश के घरेलू रक्षा निर्माताओं को मानवरहित हवाई प्रणालियों (UAS) और काउंटर-मानवरहित हवाई प्रणालियों (CUAS) के क्षेत्र में विकसित अपनी तकनीकों, क्षमताओं और प्रगति को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच उपलब्ध कराना है.
ड्रोनथॉन-2026 का आयोजन 14 से 16 सितंबर 2026 तक राजस्थान के जैसलमेर स्थित पोखरण रेंज में किया जाएगा. इसमें स्थिर प्रदर्शन के साथ-साथ विभिन्न प्रणालियों का लाइव प्रदर्शन भी किया जाएगा. इसके जरिए भारतीय वायु सेना और अन्य संबंधित हितधारकों को आधुनिक ड्रोन तथा काउंटर-ड्रोन तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से देखने और उनके परिचालन प्रदर्शन का आकलन करने का अवसर मिलेगा.
इस आयोजन का एक प्रमुख उद्देश्य तेजी से विकसित हो रही ड्रोन तकनीक के क्षेत्र में उपलब्ध आधुनिक समाधानों की पहचान करना और उनकी युद्धक क्षमता तथा परिचालन प्रभावशीलता का मूल्यांकन करना है. ड्रोनथॉन-2026 में विशेष रूप से निगरानी एवं टोही, स्वायत्त संचालन, ड्रोन स्वार्म तकनीक और इलेक्ट्रॉनिक युद्धकला जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा.
स्वदेशी रक्षा तकनीक को मिलेगा बढ़ावा

ड्रोनथॉन-2026 को आत्मनिर्भर भारत के राष्ट्रीय विजन के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है. इसके माध्यम से रक्षा क्षेत्र में काम कर रहे उद्योग विशेषज्ञों, स्टार्टअप्स और नवप्रवर्तकों को एक साझा मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है. इससे देश में विकसित हो रही अत्याधुनिक ड्रोन और काउंटर-ड्रोन तकनीकों को सैन्य जरूरतों से जोड़ने में मदद मिलेगी.
आधुनिक युद्धक्षेत्र में ड्रोन और काउंटर-ड्रोन प्रणालियों की भूमिका लगातार बढ़ रही है. ऐसे में भारतीय वायु सेना के लिए स्वदेशी और प्रभावी मानवरहित प्रणालियों का विकास महत्वपूर्ण हो गया है. ड्रोनथॉन-2026 के जरिए उद्योग और सैन्य उपयोगकर्ताओं के बीच तकनीकी संवाद तथा आपसी ज्ञान के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
भारतीय वायु सेना का यह प्रयास तेजी से बदलते प्रचालनगत और सुरक्षा वातावरण के अनुरूप तकनीकी रूप से उन्नत, स्वदेशी और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार बल के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
One thought on “पोखरण में 14 सितंबर से होगा IAF Dronathon-2026, ड्रोन और काउंटर-ड्रोन तकनीकों का होगा प्रदर्शन”