Canada और Ukraine की बड़ी ड्रोन डील, 2 साल में लाखों ड्रोन बनाने का लक्ष्य 

Canada और Ukraine की बड़ी ड्रोन डील, 2 साल में लाखों ड्रोन बनाने का लक्ष्य 

Canada और Ukraine ने ड्रोन उत्पादन बढ़ाने और रक्षा क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग को मजबूत करने के लिए नई साझेदारी की है. कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की बैठक के दौरान इस संबंध में कई अहम पहलों की घोषणा की गई. 

इस साझेदारी के तहत कनाडा ने Defence Drone Initiative Marketplace (DDIM) Supply Arrangement शुरू किया है. यह एक राष्ट्रीय डिजिटल ड्रोन मार्केटप्लेस होगा, जिसके जरिए कनाडाई सशस्त्र बलों और कनाडाई कोस्ट गार्ड के लिए ड्रोन तथा काउंटर-ड्रोन क्षमताओं की खरीद और तैनाती को तेज किया जाएगा. यह मॉडल यूक्रेन के Brave1 ड्रोन इनोवेशन प्लेटफॉर्म से प्रेरित है और इसमें करीब 400 कनाडाई आपूर्तिकर्ताओं को शामिल किया गया है. 

कनाडा ने शुरुआती तौर पर ड्रोन खरीद के लिए 50 मिलियन कनाडाई डॉलर तक के अनुबंध दिए हैं. सरकार के मुताबिक, इन अनुबंधों से कनाडाई सशस्त्र बलों के मौजूदा ड्रोन बेड़े की संख्या करीब 10 गुना बढ़ जाएगी. कनाडा का लक्ष्य अगले दो वर्षों में लाखों ड्रोन के उत्पादन के लिए जरूरी फैक्ट्रियों, सप्लाई चेन और प्रमुख कलपुर्जों की क्षमता विकसित करना है. 

शुरुआती खरीद में Beonyx, AVSS, Volatus Aerospace, Twenty20 Insight, Draganfly और Objexis AI जैसी कंपनियां शामिल हैं. इनके जरिए खुफिया, निगरानी और टोही (ISR) ड्रोन के साथ-साथ मानवरहित ग्राउंड व्हीकल्स (UGV) भी हासिल किए जाएंगे. कनाडा ने यह भी स्पष्ट किया है कि इन प्रणालियों की ट्रेनिंग, रखरखाव, मरम्मत और सपोर्ट से जुड़ा काम देश के भीतर किया जाएगा, जिससे घरेलू रक्षा उद्योग और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा. 

इसके अलावा, कनाडाई कंपनी General Dynamics Mission Systems-Canada और यूक्रेनी कंपनी Green Tech Harvest के बीच ड्रोन और ड्रोन से जुड़ी तकनीकों के विकास तथा उत्पादन के लिए साझेदारी की घोषणा की गई है. कनाडा के अनुसार, यह सहयोग महत्वपूर्ण खनिजों और धातुओं से लेकर इंजीनियरिंग और विनिर्माण तक ड्रोन उत्पादन के विभिन्न चरणों को कवर करेगा. 

कनाडा और यूक्रेन सरकार-से-सरकार स्तर पर भी मानवरहित प्रणालियों, काउंटर-ड्रोन तकनीकों और प्राथमिकता वाले हथियारों के संयुक्त उत्पादन की दिशा में दीर्घकालिक साझेदारी विकसित करेंगे. इसमें यूक्रेन के युद्धक्षेत्र के अनुभव को कनाडा की विनिर्माण क्षमता, सॉफ्टवेयर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के साथ जोड़ा जाएगा. 

ड्रोन सहयोग के साथ कनाडा ने यूक्रेन की वायु रक्षा के लिए अमेरिका के JUMPSTART तंत्र के जरिए करीब 350 मिलियन डॉलर की अतिरिक्त सहायता देने की भी घोषणा की है. कनाडा ने यूक्रेन की सुरक्षा और ऊर्जा अवसंरचना के लिए भी अतिरिक्त वित्तीय सहायता का ऐलान किया है. 

दोनों देशों ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग को लंबे समय तक आगे बढ़ाने के लिए एक संयुक्त घोषणा भी की है. इसका फोकस रक्षा औद्योगिक सहयोग, उन्नत तकनीकों के सह-विकास और सह-उत्पादन तथा सूचना साझा करने पर रहेगा. कनाडा के अनुसार, 2022 से यूक्रेन के लिए उसकी कुल बहुआयामी सहायता 26 अरब डॉलर से अधिक हो चुकी है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *