नेपाल के प्रधानमंत्री Balendra Shah भारत पहुंचे, PM मोदी से होगी Bilateral Talks
नेपाल के प्रधानमंत्री Balendra Shah (बालेन शाह) रविवार, 22 नवंबर 2026 को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारत सरकार की ओर से केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया. प्रधानमंत्री के रूप में यह बालेंद्र शाह की पहली भारत यात्रा है.
भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर बालेंद्र शाह 22 और 23 नवंबर को भारत की राजकीय यात्रा पर हैं. इस यात्रा का उद्देश्य भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे बहुआयामी संबंधों की समीक्षा करना और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाना है.
Balendra Shah भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी करेंगे मुलाकात

इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे. इसके अलावा, 23 नवंबर को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता निर्धारित है. दोनों नेताओं के बीच व्यापार, पारगमन, निवेश, ऊर्जा, कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है.
नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ 34 सदस्यीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है. इसमें नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले और विदेश मंत्री शिशिर खनाल सहित वरिष्ठ सरकारी अधिकारी शामिल हैं. इसके अतिरिक्त, 52 सदस्यीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी इस यात्रा के साथ आया है.
भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जनस्तरीय संबंध रहे हैं. ऐसे में बालेंद्र शाह की यह यात्रा दोनों देशों के बीच सहयोग को नई दिशा देने और विभिन्न द्विपक्षीय मुद्दों पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगी.