पोखरण में Adani Defence के बघीरा AT1 का सफल परीक्षण, 8 किमी तक टैंकों को निशाना बनाने की क्षमता

पोखरण में Adani Defence के बघीरा AT1 का सफल परीक्षण, 8 किमी तक टैंकों को निशाना बनाने की क्षमता

Adani Defence & Aerospace ने राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में अपने वाहन पर तैनात एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल (ATGM) सिस्टम बघीरा AT1 का सफल प्रदर्शन किया है. 20 नवंबर 2026 को हुए इस प्रदर्शन के दौरान सिस्टम से चार सफल फायरिंग की गईं. कंपनी ने 21 नवंबर को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रदर्शन में दिन और रात में लक्ष्य को भेदने, एक ही लेजर बीम पर दो मिसाइल दागने और लंबी दूरी पर हवाई लक्ष्य को निशाना बनाने की क्षमताओं का प्रदर्शन किया गया.

यह प्रदर्शन नो कॉस्ट नो कमिटमेंट (NCNC) के तहत आयोजित किया गया था. इसमें भारतीय सेना, डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे. प्रदर्शन के बाद पूरे मिसाइल सिस्टम को स्थिर रूप में भी प्रदर्शित किया गया.

8 किलोमीटर तक बख्तरबंद वाहनों को निशाना बनाने की क्षमता

Adani Defence के मुताबिक, बघीरा AT1 की एंटी-आर्मर एंगेजमेंट रेंज 8 किलोमीटर तक है. वहीं, इसकी व्यापक मिसाइल संरचना 10 किलोमीटर तक की गाइडेड एंगेजमेंट क्षमता को सपोर्ट कर सकती है. कंपनी का दावा है कि इसकी मारक क्षमता सामान्य लैंड-बेस्ड एंटी-टैंक मिसाइलों की लगभग 4 किलोमीटर की रेंज से दोगुनी है.

इस मिसाइल में लेजर बीम राइडिंग गाइडेंस तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. इसमें मिसाइल रेडियो लिंक के बजाय लेजर बीम को फॉलो करते हुए लक्ष्य तक पहुंचती है. इससे युद्धक्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग के जरिए मिसाइल की दिशा को प्रभावित करना अधिक मुश्किल हो जाता है.

एक ही लेजर बीम पर दागी जा सकती हैं दो मिसाइलें

वीडियो – Adani Defence & Aerospace

बघीरा AT1 की एक प्रमुख क्षमता इसकी टू-मिसाइल सैल्वो फायरिंग है. इसके तहत एक ही लक्ष्य पर एक ही लेजर बीम के जरिए दो मिसाइलें तेजी से दागी जा सकती हैं. कंपनी के अनुसार, इस तकनीक को दुश्मन के टैंकों में लगे एक्टिव प्रोटेक्शन सिस्टम (APS) को निष्क्रिय करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है.

इसमें पहली मिसाइल टैंक के एक्टिव प्रोटेक्शन सिस्टम को निशाना बनाती है, जबकि दूसरी मिसाइल का उद्देश्य उसकी सुरक्षा व्यवस्था को भेदकर टैंक को नष्ट करना है.

एक वाहन पर 12 मिसाइलें ले जाने की क्षमता

बघीरा AT1 को अडानी डिफेंस द्वारा डिजाइन किए गए 4×4 हाई मोबिलिटी आर्मर्ड व्हीकल पर लगाया गया है. इस पूरे सिस्टम में मिसाइल, ऑटोमेटेड लॉन्चर और दिन-रात में लक्ष्य देखने के लिए आधुनिक साइट्स शामिल हैं.

इसके ऑटोमेटेड लॉन्चर में एक साथ चार मिसाइलें फायरिंग के लिए तैयार रहती हैं. इसके अलावा वाहन में आठ अतिरिक्त मिसाइलें रखी जा सकती हैं. इस तरह एक वाहन पर कुल 12 मिसाइलें ले जाने की क्षमता है.

सिस्टम में डे-टाइम टेलीविजन और थर्मल इमेजिंग साइट्स के साथ ऑटोमेटेड टारगेट ट्रैकिंग की सुविधा भी दी गई है. इससे रात के समय भी लक्ष्य की पहचान और उस पर निशाना लगाने में मदद मिलती है. इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि चालक दल सुरक्षित स्थान से मिसाइल दागने के बाद तेजी से अपनी स्थिति बदल सके. कंपनी के अनुसार, यह सिस्टम लंबी दूरी पर हवाई लक्ष्यों को भी निशाना बनाने में सक्षम है.

भारतीय सेना की जरूरतों के अनुसार किया गया विकसित

Adani Defence ने बताया कि बघीरा AT1 को विकसित करने और भारतीय परिचालन जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में 18 महीने लगे हैं. इस दौरान मिसाइल सिस्टम को भारत के भौगोलिक क्षेत्र, जलवायु और सैन्य आवश्यकताओं के अनुसार कस्टमाइज किया गया.

कंपनी का कहना है कि बघीरा AT1 भारतीय सेना को मैन-पोर्टेबल और हेलीकॉप्टर से लॉन्च की जाने वाली एंटी-टैंक मिसाइलों के अतिरिक्त एक लंबी दूरी की मोबाइल ग्राउंड-बेस्ड क्षमता उपलब्ध कराने का विकल्प दे सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *