Indian Coast Guard की 43वीं कमांडर्स कॉन्फ्रेंस 17 सितंबर से, समुद्री सुरक्षा और आधुनिकीकरण पर होगा मंथन

Indian Coast Guard की 43वीं कमांडर्स कॉन्फ्रेंस 17 सितंबर से, समुद्री सुरक्षा और आधुनिकीकरण पर होगा मंथन

Indian Coast Guard (ICG) की 43वीं कमांडर्स कॉन्फ्रेंस 17 से 19 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली स्थित तटरक्षक मुख्यालय में आयोजित की जाएगी. तीन दिवसीय इस सम्मेलन में भारतीय तटरक्षक बल के वरिष्ठ कमांडर देश की समुद्री सुरक्षा से जुड़े रणनीतिक, परिचालन और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा करेंगे.

सम्मेलन के उद्घाटन दिवस पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भारतीय तटरक्षक बल के वरिष्ठ नेतृत्व को संबोधित करेंगे. उनका संबोधन भारतीय तटरक्षक बल को मजबूत करने और समुद्री हितों तथा राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा में उसकी भूमिका को और प्रभावी बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करेगा.

यह सम्मेलन भारतीय तटरक्षक बल का सर्वोच्च स्तर का वार्षिक पेशेवर मंच है, जिसमें देशभर से वरिष्ठ कमांडर शामिल होंगे. सम्मेलन के दौरान मौजूदा और उभरती समुद्री सुरक्षा चुनौतियों, परिचालन तैयारियों और संसाधनों की तैनाती से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा.

इसके अलावा, तटरक्षक बल की क्षमताओं को बढ़ाने और बल के आधुनिकीकरण के लिए आगे की रूपरेखा पर भी चर्चा होगी. संगठन की प्राथमिकताओं को राष्ट्रीय समुद्री रणनीति के अनुरूप बनाने पर भी सम्मेलन में मंथन किया जाएगा.

सम्मेलन में ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम के तहत भारतीय तटरक्षक बल में स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने के लिए चल रही पहलों की भी समीक्षा की जाएगी. यह पहल सरकार के आत्मनिर्भर भारत के विजन के अनुरूप तटरक्षक बल की क्षमताओं को देश में विकसित और मजबूत करने पर केंद्रित है.

43वीं कमांडर्स कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य एक मजबूत, आधुनिक और भविष्य की समुद्री सुरक्षा चुनौतियों के लिए तैयार भारतीय तटरक्षक बल के निर्माण की दिशा में चल रहे प्रयासों को आगे बढ़ाना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *