Ukraine की राजधानी Kyiv में SBU मुख्यालय पर रूसी ड्रोन हमला, जेलेंस्की ने दिया जवाबी कार्रवाई का आदेश
रूस-Ukraine युद्ध के बीच Russia ने Ukraine की राजधानी कीव में बड़ा ड्रोन हमला किया है. रूसी ड्रोन ने शुक्रवार को केंद्रीय कीव स्थित यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (SBU) के मुख्यालय को निशाना बनाया. यह इमारत वोलोदिमिर्स्का स्ट्रीट पर सेंट सोफिया कैथेड्रल के सामने स्थित है. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि ड्रोन सीधे SBU प्रमुख ओलेक्सांद्र पोकलाद के कार्यालय की ओर भेजा गया था.
हमले के बाद घटनास्थल पर आपातकालीन सेवाओं को भेजा गया. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, हमले में कई लोग घायल हुए हैं. शुरुआती रिपोर्ट में कम से कम 5 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई, जबकि बाद की रिपोर्ट में घायलों की संख्या अधिक बताई गई है.
जेलेंस्की ने बताया कि उन्होंने SBU प्रमुख ओलेक्सांद्र पोकलाद से बातचीत की है. उन्होंने इस हमले को गंभीरता से लेते हुए रूस को ठोस और प्रभावी जवाब देने का निर्देश दिया है. जेलेंस्की ने कहा कि यदि संभव हुआ तो रूस के खिलाफ जवाबी कार्रवाई उसी तरह की जाएगी, जिस तरह SBU मुख्यालय पर हमला किया गया.
SBU ने शुरू की जवाबी कार्रवाई की तैयारी

जेलेंस्की के निर्देश के बाद SBU प्रमुख ओलेक्सांद्र पोकलाद ने जवाबी कार्रवाई की तैयारियों पर उन्हें रिपोर्ट दी. पोकलाद के अनुसार, रूस के हमले के जवाब में यूक्रेन की सक्रिय कार्रवाई के लिए जवाबी कार्रवाई का क्षेत्र तय कर लिया गया है.
हालांकि, यूक्रेन ने अभी संभावित लक्ष्य या कार्रवाई की जगह सार्वजनिक नहीं की है. पोकलाद ने कहा कि कार्रवाई का समय इस तरह चुना जाएगा, जिससे उसका प्रभावी परिणाम हासिल किया जा सके.
जेलेंस्की ने पोकलाद की रिपोर्ट साझा करते हुए कहा कि जवाबी कार्रवाई की भौगोलिक दिशा तय हो चुकी है और समय परिणाम सुनिश्चित करने के हिसाब से चुना जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेनी सेना इस जवाबी कार्रवाई में SBU का समर्थन करेगी.
इस तरह SBU मुख्यालय पर हुए हमले के बाद अब यूक्रेन की नजर रूस के खिलाफ संभावित जवाबी कार्रवाई पर है. कीव ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि रूस में किस लक्ष्य को निशाना बनाया जाएगा या कार्रवाई कब की जाएगी.