Iran के Kharg Island के पास कई धमाके, तेल टैंकर पर मिसाइल हमले की रिपोर्ट से बढ़ा तनाव
Iran के रणनीतिक खार्ग द्वीप के पास शनिवार को कई धमाकों की आवाज सुनाई देने के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है. ईरानी मीडिया के मुताबिक, फारस की खाड़ी में खार्ग द्वीप के आसपास लगातार कई विस्फोटों की आवाज सुनी गई है.
ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी Fars के मुताबिक, धमाकों की आवाज फारस की खाड़ी की दिशा से आई है. मौके पर किसी बड़े धुएं या आग के निशान दिखाई नहीं दिए. यही वजह है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमाके किसी सैन्य कार्रवाई, मिसाइल हमले या किसी अन्य घटना के कारण हुए.
तेल टैंकर को मिसाइल से निशाना बनाने का दावा
इस बीच ईरान के स्थानीय सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि खार्ग द्वीप के पास एक छोटे ईरानी तेल टैंकर को मिसाइल से निशाना बनाया गया है. कई रिपोर्ट में दावा किया गया कि टैंकर को अमेरिकी बलों की ओर से दागी गई मिसाइल से निशाना बनाया गया हो सकता है. हालांकि, अमेरिका की ओर से इस हमले की तत्काल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
Iran का खार्ग द्वीप क्यों है इतना महत्वपूर्ण?
खार्ग द्वीप ईरान के लिए बेहद महत्वपूर्ण रणनीतिक और आर्थिक केंद्र है. फारस की खाड़ी में स्थित यह द्वीप देश के प्रमुख तेल निर्यात टर्मिनलों में शामिल है. यहां से ईरानी कच्चे तेल का बड़ा हिस्सा अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचता है.
ऐसे में खार्ग के आसपास किसी भी सैन्य गतिविधि या तेल ढुलाई से जुड़े जहाज को निशाना बनाए जाने की खबर का असर सिर्फ ईरान तक सीमित नहीं रह सकता. इससे फारस की खाड़ी में जहाजों की सुरक्षा और वैश्विक तेल आपूर्ति को लेकर भी चिंता बढ़ सकती है.
अभी क्या है स्थिति?
फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर खार्ग द्वीप के पास धमाकों की घटना की पुष्टि हुई है, लेकिन धमाकों का स्रोत और कारण स्पष्ट नहीं है. वहीं, तेल टैंकर पर मिसाइल हमले की जानकारी अभी ईरानी मीडिया और स्थानीय सूत्रों की रिपोर्टों पर आधारित है.
अमेरिका की ओर से किसी हमले की आधिकारिक पुष्टि होने या घटना की स्वतंत्र पुष्टि सामने आने के बाद तस्वीर और साफ हो सकती है. यह मामला फिलहाल तेजी से विकसित हो रहा है.