Vaibhav Sooryavanshi : 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने India के लिए किया T20I डेब्यू, रचा इतिहास
भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे T20I मुकाबले में भारतीय क्रिकेट ने एक ऐतिहासिक पल देखा. महज 15 वर्षीय Vaibhav Sooryavanshi ने भारत के लिए अपना पहला T20I मैच खेलते हुए इतिहास रच दिया.
उन्हें टीम के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने डेब्यू कैप सौंपी. इसके साथ ही वैभव सूर्यवंशी T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन गए.
डेब्यू कैप मिलने के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने तालियों की गड़गड़ाहट और पीठ थपथपाकर युवा बल्लेबाज का स्वागत किया. मैदान पर मौजूद सभी खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए यह बेहद खास और भावुक पल था.

जॉफ्रा आर्चर की वापसी, जोश टंग का डेब्यू
वहीं इंग्लैंड ने पहले ही अपनी प्लेइंग इलेवन की घोषणा कर दी थी. तेज गेंदबाज जॉफ्रा आर्चर को पिछले मैच में आराम दिए जाने के बाद टीम में वापस शामिल किया गया है. इसके अलावा जोश टंग ने भी इंग्लैंड के लिए अपना पहला T20I मैच खेलते हुए डेब्यू किया. ल्यूक वुड और साकिब महमूद को अंतिम एकादश से बाहर रखा गया है.
इससे पहले डरहम में खेला जाने वाला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था. हालांकि भारतीय बल्लेबाजों को बल्लेबाजी का अभ्यास करने का मौका मिला था, जिसमें अभिषेक शर्मा और श्रेयस अय्यर ने शानदार अर्धशतक लगाए थे. उस मुकाबले में भारत ने तीन स्पिनरों के साथ एक अलग संयोजन उतारा था. अब देखना होगा कि टीम उसी रणनीति पर कायम रहती है या अतिरिक्त तेज गेंदबाज को मौका देती है.

वैभव सूर्यवंशी को टीम में शामिल करने की मांग पिछले कुछ मैचों से लगातार उठ रही थी. हालांकि इससे पहले भारत के गेंदबाजी कोच मॉर्ने मॉर्केल ने कहा था कि टीम प्रबंधन विश्व कप जीतने वाले खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना चाहता है.
लेकिन अब भारतीय टीम ने बड़ा फैसला लेते हुए 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया है और युवा बल्लेबाज ने अपने डेब्यू के साथ ही इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा दिया.