रक्षा मंत्रालय ने BEL के साथ 1,476 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए
भारत ने अपनी सैन्य क्षमताओं को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. रक्षा मंत्रालय ने हैदराबाद स्थित भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के साथ 1,476 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं. इस डील के तहत भारतीय सेना के लिए पांच ग्राउंड-बेस्ड मोबाइल इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम खरीदे जाएंगे.
यह अत्याधुनिक सिस्टम पूरी तरह से जमीन पर आधारित होंगे और इन्हें आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा सकेगा. खास बात यह है कि इन सिस्टम में कम से कम 72 प्रतिशत स्वदेशी उपकरणों का इस्तेमाल किया जाएगा, जो भारत की आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
Indian Army के लिए 5 ग्राउंड-बेस्ड मोबाइल इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम खरीदे जाएंगे
यह अनुबंध ‘बाय इंडिया-इंडिजिनली डिजाइन्ड, डेवलप्ड एंड मैन्युफैक्चर्ड’ श्रेणी के तहत किया गया है. समझौते पर नई दिल्ली के कर्तव्य भवन-दो में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए.
इस नई प्रणाली के शामिल होने से भारतीय सेना की यूनिट्स का तेजी से आधुनिकीकरण होगा और उनकी ऑपरेशनल क्षमता में भी बढ़ोतरी होगी. साथ ही, यह सौदा देश के स्वदेशी रक्षा विनिर्माण इकोसिस्टम को और मजबूत करेगा.
सरकार का यह कदम ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के प्रति उसकी मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिससे आने वाले समय में भारत रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में और आत्मनिर्भर बन सकेगा.