Ukraine को 2.1 अरब डॉलर में मिलेंगी 500 Patriot PAC-3 मिसाइलें, अमेरिका ने दी संभावित बिक्री को मंजूरी
अमेरिका ने Ukraine की वायु रक्षा क्षमता मजबूत करने के लिए 500 Patriot PAC-3 MSE इंटरसेप्टर मिसाइलों की संभावित बिक्री को मंजूरी दे दी है. इस रक्षा सौदे की अनुमानित कीमत 2.1 अरब डॉलर (करीब 18,700 करोड़ रुपये) है. अमेरिकी विदेश मंत्रालय (US Department of State) ने 30 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की. इस प्रस्तावित सौदे में मिसाइलों के साथ उनके स्पेयर पार्ट्स, लॉजिस्टिक्स और कार्यक्रम से जुड़ा सहयोग भी शामिल है.
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस प्रस्तावित बिक्री का उद्देश्य यूक्रेन की एकीकृत वायु एवं मिसाइल रक्षा क्षमता को बेहतर बनाना है. इससे यूक्रेन को मौजूदा और भविष्य के हवाई खतरों का मुकाबला करने में मदद मिलेगी. यह सौदा अमेरिका के विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा उद्देश्यों को भी समर्थन देगा.
सौदे में शामिल होंगे स्पेयर पार्ट्स और लॉजिस्टिक सहयोग

अमेरिकी विदेश मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, प्रस्तावित पैकेज में 500 PAC-3 MSE मिसाइलों के अलावा गोपनीय और गैर-गोपनीय स्पेयर पार्ट्स तथा लॉजिस्टिक्स और कार्यक्रम संबंधी सहायता शामिल है. अमेरिकी रक्षा कंपनी Lockheed Martin इस सौदे की प्रमुख ठेकेदार होगी. इन मिसाइलों का इस्तेमाल यूक्रेन अपने मौजूदा Patriot एयर डिफेंस सिस्टम के साथ करेगा.
अमेरिका के बजाय सहयोगी देश करेंगे भुगतान
इस सौदे की एक महत्वपूर्ण बात यह है कि इसके लिए अमेरिकी करदाताओं के पैसे का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा. अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अनुसार, कनाडा, जर्मनी और नॉर्वे Joint Ukraine Multinational Program – Services, Training and Articles Rapid Timeline (JUMPSTART) के माध्यम से वित्तीय योगदान देंगे. इसके अलावा यूरोपीय संघ के यूक्रेन सपोर्ट लोन से समर्थित यूक्रेन के राष्ट्रीय फंड से भी राशि उपलब्ध कराई जाएगी.
कांग्रेस की समीक्षा के बाद आगे बढ़ेगा सौदा
यह मंजूरी संभावित विदेशी सैन्य बिक्री (Foreign Military Sale) से संबंधित है. अमेरिकी प्रशासन ने इस प्रस्तावित बिक्री की जानकारी अमेरिकी कांग्रेस को दी है. Arms Export Control Act के तहत इस पर कांग्रेस की समीक्षा होनी है. इसलिए इसे मिसाइलों की तत्काल आपूर्ति या डिलीवरी पूरी होने के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए.

अमेरिकी विदेश मंत्रालय की अधिसूचना में मिसाइलों की आपूर्ति के लिए कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई गई है. इनकी आपूर्ति 2030 के दशक की शुरुआत में होने की आशंका जताई गई है.
जेलेंस्की ने जताई देरी की चिंता

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिका की मंजूरी का स्वागत किया है, लेकिन मिसाइलों की आपूर्ति में लगने वाले समय को लेकर चिंता भी जताई है. यूक्रेन लगातार रूस के मिसाइल और ड्रोन हमलों से अपने शहरों तथा महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की रक्षा के लिए Patriot इंटरसेप्टर की मांग कर रहा है.
जेलेंस्की चाहते हैं कि अमेरिका अपने मौजूदा मिसाइल भंडार से भी यूक्रेन को इंटरसेप्टर उपलब्ध कराने के विकल्प पर विचार करे, ताकि नई मिसाइलों के उत्पादन और आपूर्ति का इंतजार कम किया जा सके.