Indian Navy का पोत INS Trishul Greece की सूडा खाड़ी पहुंचा, यूनानी नौसेना के साथ बढ़ाएगा समुद्री सहयोग
Indian Navy का युद्धपोत INS Trishul भूमध्य सागर में अपनी तैनाती के तहत 31 अक्टूबर 2026 को Greece की सूडा खाड़ी पहुंच गया. इस यात्रा का उद्देश्य भारत और यूनान की नौसेनाओं के बीच समुद्री सहयोग को मजबूत करना और दोनों देशों के बीच पेशेवर संबंधों को और प्रगाढ़ बनाना है.
सूडा खाड़ी में अपने ठहराव के दौरान आईएनएस त्रिशूल का चालक दल भारतीय नौसेना और यूनानी नौसेना के बीच विभिन्न पेशेवर एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लेगा. इस दौरान एथेंस में यूनानी नौसेना और भारतीय दूतावास के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी. इसके अलावा, दोनों नौसेनाओं के अधिकारियों और कर्मियों के बीच पेशेवर बातचीत, एक-दूसरे के युद्धपोतों का दौरा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के कार्यक्रम भी होंगे.
नाटो की समुद्री प्रशिक्षण सुविधाओं का भी करेगा दौरा

इस यात्रा के दौरान आईएनएस त्रिशूल के चालक दल को नेवल सपोर्ट एक्टिविटी (NSA) सूडा बे और नाटो मैरीटाइम इंटरडिक्शन ऑपरेशनल ट्रेनिंग सेंटर (NMIOTC) की सुविधाओं से परिचित कराया जाएगा. इससे चालक दल को क्षेत्र में संचालित समुद्री सहायता और प्रशिक्षण गतिविधियों को समझने का अवसर मिलेगा.

इसके अलावा, भारतीय नौसेना का चालक दल सूडा बे युद्ध स्मारक कब्रिस्तान में श्रद्धांजलि अर्पित करेगा. बंदरगाह पर ठहराव के दौरान आईएनएस त्रिशूल को आगंतुकों के लिए भी खोला जाएगा.
यह यात्रा भूमध्य सागर में भारतीय नौसेना की तैनाती का हिस्सा है. इसके माध्यम से भारत और यूनान के बीच समुद्री क्षेत्र में आपसी संपर्क, पेशेवर आदान-प्रदान और नौसैनिक सहयोग को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है.