Iran के परमाणु कार्यक्रम की जानकारी देने पर America देगा 20 मिलियन डॉलर तक का इनाम
America ने Iran के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल करने के लिए 20 मिलियन डॉलर (करीब 178 करोड़ रुपये) तक के इनाम की पेशकश की है. अमेरिकी विदेश मंत्रालय के कार्यक्रम ‘रिवार्ड्स फॉर जस्टिस’ (Rewards for Justice) के तहत यह इनाम उन लोगों को दिया जा सकता है, जो ईरान के परमाणु कार्यक्रम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएंगे.
अमेरिकी सरकार के मुताबिक, इस पेशकश के दायरे में ईरान के परमाणु ठिकानों, वहां इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और इस कार्यक्रम से जुड़े लोगों की जानकारी शामिल है. इसमें वैज्ञानिक समुदाय से जुड़े व्यक्ति तथा इनसे संबंधित गतिविधियों और आवाजाही की जानकारी भी शामिल है. सूचना देने वाले योग्य व्यक्तियों को इनाम के अलावा संभावित रूप से स्थानांतरण (Relocation) की सुविधा भी दी जा सकती है.
Iran के यूरेनियम संवर्धन को लेकर America की चिंता
रिवार्ड्स फॉर जस्टिस के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने वर्ष 2025 में अपनी रिपोर्ट में बताया था कि ईरान 60 प्रतिशत शुद्धता तक यूरेनियम का संवर्धन (Enrichment) कर रहा है. यह स्तर परमाणु हथियार बनाने के लिए आवश्यक लगभग 90 प्रतिशत संवर्धन के काफी करीब है.
अमेरिकी सरकार के मुताबिक, ईरान ऐसा करने वाला दुनिया का एकमात्र गैर-परमाणु हथियार संपन्न देश है, जो इतने उच्च स्तर तक यूरेनियम का संवर्धन कर रहा है. विशेषज्ञों का अनुमान है कि यदि इस मात्रा में मौजूद यूरेनियम को आगे संवर्धित किया जाए, तो इससे कई परमाणु हथियारों के लिए पर्याप्त सामग्री प्राप्त हो सकती है.
अमेरिका ने यह भी आरोप लगाया है कि ईरान द्वारा IAEA के सुरक्षा उपायों (Safeguards) से संबंधित दायित्वों का पालन नहीं करने के कारण एजेंसी को ईरान में सेंट्रीफ्यूज जैसे महत्वपूर्ण उपकरणों के उत्पादन और भंडार की निगरानी में निरंतरता बनाए रखने में कठिनाई हुई है. इसे एजेंसी की भाषा में ‘कंटिन्यूटी ऑफ नॉलेज’ (Continuity of Knowledge) का नुकसान कहा जाता है.
कैसे मिल सकता है इनाम?
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के Rewards for Justice कार्यक्रम के माध्यम से ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जा सकती है. इसके लिए तस्वीरें, वीडियो, दस्तावेज और अन्य संबंधित साक्ष्य भी जमा किए जा सकते हैं. कार्यक्रम के तहत जानकारी देने वाले व्यक्ति की सुरक्षा और संभावित स्थानांतरण की व्यवस्था भी की जा सकती है.
इस पहल का मुख्य उद्देश्य ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े ठिकानों, तकनीकी उपकरणों, वैज्ञानिकों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाना है.
One thought on “Iran के परमाणु कार्यक्रम की जानकारी देने पर America देगा 20 मिलियन डॉलर तक का इनाम”