Taiwan पहुंची F-16 ब्लॉक 70 की दूसरी खेप, तीन नए लड़ाकू विमान शामिल
Taiwan को अमेरिका से खरीदे गए F-16 ब्लॉक 70 लड़ाकू विमानों की डिलीवरी के तहत दूसरी खेप मिल गई है. 8 नवंबर 2026 को तीन और F-16 लड़ाकू विमान ताइवान पहुंचे. इन विमानों ने ताइवान के ताइतुंग स्थित चिहहांग एयर बेस पर लैंडिंग की. इसके साथ ही अमेरिका से खरीदे गए नए F-16 ब्लॉक 70 विमानों में से अब तक पांच विमान ताइवान पहुंच चुके हैं.
इससे पहले 2 अक्टूबर 2026 को पहली खेप में दो F-16 ब्लॉक 70 विमान ताइवान पहुंचे थे. दूसरी खेप में आए तीन विमानों के नंबर 6729, 6731 और 6732 बताए गए हैं. ताइवान की वायुसेना इन विमानों को अपने बेड़े में शामिल करने की प्रक्रिया के तहत प्रशिक्षण और अन्य तैयारियां आगे बढ़ा रही है.
ताइवान वायुसेना ने अपने बयान में कहा है कि अमेरिका के प्रोजेक्ट ऑफिस और संबंधित विभागों के सहयोग से विमानों के उत्पादन और डिलीवरी की प्रक्रिया को स्थिर बनाया गया है. अब योजना के अनुसार पायलटों और अन्य कर्मियों का प्रशिक्षण आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि विमान धीरे-धीरे प्रारंभिक परिचालन क्षमता हासिल कर सकें.
66 F-16 ब्लॉक 70 विमानों की खरीद का समझौता
ताइवान ने अमेरिका से 66 नए F-16V ब्लॉक 70 लड़ाकू विमानों की खरीद का समझौता किया था. अमेरिका ने 2019 में इस बिक्री को मंजूरी दी थी. इस सौदे की कीमत लगभग 8 अरब अमेरिकी डॉलर बताई गई थी. हालांकि, तकनीकी समस्याओं और उत्पादन संबंधी देरी के कारण विमानों की डिलीवरी निर्धारित समय से पीछे चल रही है.
F-16V ब्लॉक 70 विमान F-16 परिवार का आधुनिक संस्करण है. इसमें उन्नत एवियोनिक्स, AESA रडार और आधुनिक हथियार प्रणालियों जैसी क्षमताएं शामिल हैं. इन विमानों की आपूर्ति से ताइवान की वायुसेना के लड़ाकू विमान बेड़े का आधुनिकीकरण होगा.