एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित होंगे भारतीय वायु सेना के 29वें प्रमुख, 31 अक्टूबर को संभालेंगे पद

भारत सरकार ने वर्तमान वायु सेना उप प्रमुख एयर मार्शल Ashutosh Dixit (पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएम, वीएसएम) को भारतीय वायु सेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया है. वह 31 अक्टूबर 2026 की दोपहर से एयर चीफ मार्शल का पद संभालेंगे और Indian Air Force के 29वें प्रमुख होंगे. वर्तमान वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह 31 अक्टूबर 2026 को अपने पद से सेवानिवृत्त होंगे.

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित का जन्म 9 दिसंबर 1966 को हुआ था. वह 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में शामिल हुए थे. लगभग चार दशक के अपने सैन्य करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण परिचालन और कमान संबंधी जिम्मेदारियां संभाली हैं.

वायु सेना उप प्रमुख बनने से पहले एयर मार्शल दीक्षित ने एकीकृत रक्षा कार्मिक मुख्यालय में चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी के अध्यक्ष के रूप में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के अधीन कार्य किया. इसके अलावा वह मध्य वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ भी रह चुके हैं.

कई प्रमुख लड़ाकू विमानों का उड़ान अनुभव

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित होंगे भारतीय वायु सेना के 29वें प्रमुख, 31 अक्टूबर को संभालेंगे पद
फोटो – indian air force (एक्स अकाउंट)

एयर मार्शल दीक्षित ने मिराज-2000, मिग के विभिन्न संस्करणों, किरण, जगुआर, आईएल-78, हॉक और तेजस सहित कई प्रकार के विमानों को उड़ाया है. उनके पास 3,500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है. वह प्रायोगिक परीक्षण पायलट और प्रमाणित उड़ान प्रशिक्षक भी हैं. अपने सेवा करियर के दौरान वह ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन सिंदूर सहित कई अभियानों और सैन्य अभ्यासों में शामिल रहे हैं.

महत्वपूर्ण वायु अड्डों की कमान संभाली

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित होंगे भारतीय वायु सेना के 29वें प्रमुख, 31 अक्टूबर को संभालेंगे पद
फोटो – राजनाथ सिंह (एक्स अकाउंट)

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने पश्चिमी सेक्टर में एक अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू वायु अड्डे और दक्षिणी सेक्टर में एक प्रमुख लड़ाकू प्रशिक्षण वायु अड्डे की कमान भी संभाली है. विभिन्न परिचालन और प्रशासनिक भूमिकाओं में उनके अनुभव ने भारतीय वायु सेना की परिचालन क्षमताओं को मजबूत करने में योगदान दिया है. उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी, डिफेंस सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज, बांग्लादेश और नेशनल डिफेंस कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की है.

चार प्रमुख सैन्य सम्मान

एयर मार्शल दीक्षित को उनकी विशिष्ट सेवा के लिए कई सैन्य सम्मान मिल चुके हैं. उन्हें 2006 में वायु सेना मेडल, 2011 में विशिष्ट सेवा मेडल, 2023 में अति विशिष्ट सेवा मेडल और 2026 में परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया. 31 अक्टूबर 2026 को पदभार संभालने के बाद एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित भारतीय वायु सेना के 29वें प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *