अमेरिका ने कबूला- अंतरिक्ष में तैनात हैं ‘Space Control Weapons’, बढ़ी चिंता
US ने पहली बार सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि उसके पास अंतरिक्ष की कक्षा में तैनात “स्पेस कंट्रोल वेपन” हैं. अमेरिकी वायु सेना सचिव ट्रॉय मिंक ने 14 सितंबर को मैरीलैंड के नेशनल हार्बर में आयोजित 2026 Air, Space and Cyber Conference में यह जानकारी दी. अमेरिकी वायु सेना के आधिकारिक बयान के मुताबिक, ये हथियार संभावित दुश्मन की कार्रवाई से अमेरिकी संयुक्त बलों की रक्षा करने में सक्षम हैं.
मिंक ने अपने संबोधन में कहा कि अमेरिका मौजूदा खतरों के खिलाफ अपनी तैयारी बढ़ा रहा है और “संयुक्त राज्य अमेरिका के पास कक्षा में तैनात ऐसे स्पेस कंट्रोल हथियार हैं, जो शत्रु की कार्रवाई के खिलाफ संयुक्त बलों की रक्षा करने में सक्षम हैं.” यह पहली बार है जब किसी वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने सार्वजनिक रूप से अंतरिक्ष में अमेरिकी हथियारों की मौजूदगी की पुष्टि की है.
हालांकि, अमेरिकी रक्षा विभाग ने इन हथियारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक नहीं की हैं. मिंक ने यह नहीं बताया कि कितने हथियार कक्षा में तैनात हैं, उन्हें कब लॉन्च किया गया, वे किस तरह के हैं या उनका इस्तेमाल किन लक्ष्यों के खिलाफ किया जा सकता है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इन क्षमताओं के बारे में ज्यादा जानकारी देना रणनीतिक रूप से उचित नहीं होगा.
किस तरह के हथियार हैं, यह अभी साफ नहीं
“स्पेस कंट्रोल वेपन” शब्द अपने आप में किसी एक खास हथियार की पहचान नहीं करता. अमेरिकी सैन्य संदर्भ में स्पेस कंट्रोल का मतलब अंतरिक्ष में अमेरिकी और सहयोगी प्रणालियों को सुरक्षित रखना तथा जरूरत पड़ने पर विरोधी की अंतरिक्ष क्षमताओं को बाधित करना हो सकता है. विशेषज्ञों के मुताबिक इसमें इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग, स्पूफिंग, लेजर आधारित सिस्टम या अन्य तरह की क्षमताएं शामिल हो सकती हैं, लेकिन अमेरिकी सरकार ने यह पुष्टि नहीं की है कि कक्षा में मौजूद हथियारों में इनमें से कौन-सी तकनीक इस्तेमाल की गई है.
यही वजह है कि फिलहाल यह कहना सही नहीं होगा कि अमेरिका ने अंतरिक्ष में किस तरह की मिसाइल या किसी खास “सैटेलाइट किलर” को तैनात किया है. आधिकारिक बयान केवल “on-orbit space control weapons” की मौजूदगी की पुष्टि करता है.
अमेरिकी वायु सेना सचिव ने यह भी कहा कि अंतरिक्ष सैन्य और आर्थिक सुरक्षा दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और अमेरिका को वहां स्वतंत्र रूप से काम करने की क्षमता बनाए रखनी होगी. उनका बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका, चीन और रूस के बीच अंतरिक्ष आधारित सैन्य क्षमताओं को लेकर प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है.
अमेरिका की स्पेस वॉरफेयर रणनीति में बड़ा बदलाव

मिंक ने अपने संबोधन में केवल अंतरिक्ष हथियारों की मौजूदगी की बात नहीं की, बल्कि अमेरिकी वायु सेना और स्पेस फोर्स की भविष्य की युद्ध क्षमता को बड़े पैमाने पर बदलने की योजना भी बताई. उन्होंने कहा कि अमेरिका 2032 तक कम से कम 500 Collaborative Combat Aircraft यानी स्वायत्त लड़ाकू विमानों को सेवा में शामिल करने की योजना बना रहा है. साथ ही हजारों स्वायत्त एकतरफा हमला करने वाले हथियारों के इस्तेमाल की क्षमता विकसित करने की बात भी कही.
अंतरिक्ष क्षेत्र में अमेरिका Space-Based Interceptor कार्यक्रम, Space Data Network और Air Moving Target Indication constellation जैसे कार्यक्रमों पर भी काम कर रहा है. मिंक के मुताबिक Space-Based Interceptor कार्यक्रम शुरुआती अनुबंध से flight-ready hardware तक एक साल से भी कम समय में पहुंचा है, जबकि Air Moving Target Indication constellation की लॉन्चिंग सितंबर से शुरू होने वाली है.
इस तरह अमेरिका की ताजा घोषणा केवल किसी नए हथियार कार्यक्रम की घोषणा नहीं है, बल्कि यह संकेत भी है कि वाशिंगटन अब अंतरिक्ष को भविष्य के संभावित युद्धक्षेत्र के रूप में देख रहा है और वहां अपनी सैन्य क्षमताओं को खुलकर स्वीकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
One thought on “अमेरिका ने कबूला- अंतरिक्ष में तैनात हैं ‘Space Control Weapons’, बढ़ी चिंता”