Jaguar और LCA Fighter Aircraft के लिए Smart Anti-Airfield Weapon खरीदेगा भारत, BDL से हुआ करार
रक्षा मंत्रालय ने Jaguar और LCA Fighter Aircraft के लिए सैटेलाइट-गाइडेड स्मार्ट एंटी-एयरफील्ड वेपन सिस्टम की खरीद का रास्ता साफ कर दिया है. मंत्रालय ने इस हथियार प्रणाली की खरीद के लिए हैदराबाद स्थित भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (BDL) के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं.
यह हथियार प्रणाली दुश्मन के इलाके में गहराई तक स्थित एयरफील्ड को निशाना बनाने के लिए विकसित की गई है. इसकी खासियत इसकी उच्च सटीकता है, जिसके कारण यह निर्धारित एयरफील्ड लक्ष्यों पर सटीक हमला करने में सक्षम है. सैटेलाइट-गाइडेड स्मार्ट एंटी-एयरफील्ड वेपन सिस्टम को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की रिसर्च सेंटर इमारत (RCI) ने स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित किया है. यानी इस हथियार प्रणाली के विकास में देश की स्वदेशी रक्षा तकनीक का इस्तेमाल किया गया है.
जगुआर और LCA से किया जाएगा इस्तेमाल

यह हथियार प्रणाली भारतीय वायुसेना के जगुआर और LCA लड़ाकू विमानों के लिए है. सैटेलाइट गाइडेंस के जरिए यह हथियार अपने लक्ष्य तक पहुंचने और उसे उच्च सटीकता से निशाना बनाने के लिए डिजाइन किया गया है.
इसकी क्षमता का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि यह दुश्मन के इलाके के भीतर काफी गहराई में मौजूद एयरफील्ड लक्ष्यों को निशाना बना सकती है. इससे एयरफील्ड जैसे महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों के खिलाफ दूर से सटीक हमला करने की क्षमता मिलती है.