Czech Republic को मिला इजरायल का SPYDER Air Defense System, चारों बैटरियां हुईं डिलीवर

Czech Republic को मिला इजरायल का SPYDER Air Defense System, चारों बैटरियां हुईं डिलीवर

इजरायल और Czech Republic के रक्षा सहयोग में एक अहम पड़ाव सामने आया है. चेक गणराज्य ने इजरायली कंपनी Rafael Advanced Defense Systems से खरीदी गई SPYDER एयर डिफेंस सिस्टम की चारों बैटरियां हासिल कर ली हैं. 19 सितंबर 2026 को ओस्त्रावा में आयोजित NATO Days के दौरान चारों SPYDER बैटरियों को पहली बार सार्वजनिक रूप से पेश किया गया. चेक सरकार ने इसी दिन चारों सिस्टम के औपचारिक अधिग्रहण की पुष्टि की.

SPYDER की खरीद के लिए चेक गणराज्य और इजरायल के बीच अक्टूबर 2021 में Government-to-Government (G2G) समझौता हुआ था. 5 अक्टूबर 2021 को हुए इस समझौते के तहत चेक सेना के लिए Rafael के चार SPYDER एयर डिफेंस सिस्टम खरीदे गए थे. चेक रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सौदे की कुल कीमत 13.7 अरब चेक क्राउन थी, जिसमें VAT शामिल था.

इजरायल के रक्षा मंत्रालय ने 2021 में इस समझौते को NATO के किसी सदस्य देश को इजरायल द्वारा पूर्ण एयर डिफेंस सिस्टम की पहली बिक्री बताया था. उस समय इजरायली रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि SPYDER सिस्टम को NATO की वायु रक्षा व्यवस्था में शामिल किया जाएगा और यह चेक हवाई क्षेत्र को विभिन्न हवाई खतरों से सुरक्षा देने में मदद करेगा.

पुराने 2K12 KUB सिस्टम की जगह लेगा SPYDER

Czech Republic को मिला इजरायल का SPYDER Air Defense System, चारों बैटरियां हुईं डिलीवर
फोटो क्रेडिट- Ministry of Defense

SPYDER चेक सेना के 40 साल से अधिक पुराने 2K12 KUB एयर डिफेंस सिस्टम की जगह लेगा. चेक रक्षा मंत्रालय के अनुसार, KUB सोवियत मूल का सिस्टम है और SPYDER की खरीद का उद्देश्य चेक गणराज्य की जमीन आधारित वायु रक्षा क्षमता को आधुनिक बनाना और NATO की क्षमता संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करना है.

SPYDER की चार बैटरियों में से प्रत्येक को अपने 3D रडार, कमांड और फायर-कंट्रोल सिस्टम तथा चार लॉन्चरों से लैस किया गया है. समझौते में कम और मध्यम दूरी की मिसाइलों की आपूर्ति भी शामिल है. चेक रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सिस्टम को चेक सेना की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है.

चेक वायु रक्षा में बनेगा महत्वपूर्ण हिस्सा

चेक रक्षा मंत्रालय के अनुसार, SPYDER स्थिर महत्वपूर्ण ठिकानों और जमीन पर तैनात सैन्य बलों को हवाई खतरों से सुरक्षा देने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा. चेक सेना ने इसे देश की आधुनिक और बहु-स्तरीय जमीन आधारित वायु रक्षा तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है. साथ ही, चेक सेना ने स्पष्ट किया है कि देश की पूरी वायु रक्षा केवल SPYDER पर निर्भर नहीं होगी, बल्कि इसमें सेंसर, जमीन आधारित वायु रक्षा प्रणालियां और लड़ाकू विमान मिलकर काम करेंगे.

चेक रक्षा मंत्रालय के अनुसार, SPYDER सिस्टम NATO की वायु रक्षा व्यवस्था में पूरी तरह एकीकृत है. सिस्टम अत्यधिक मोबाइल है और इसकी देखभाल तथा सर्विसिंग चेक गणराज्य में की जाएगी.

Czech Republic को मिला इजरायल का SPYDER Air Defense System, चारों बैटरियां हुईं डिलीवर
फोटो क्रेडिट- Ministry of Defense

परियोजना में चेक रक्षा उद्योग की भी भागीदारी

SPYDER परियोजना में चेक रक्षा उद्योग की 38 प्रतिशत हिस्सेदारी निर्धारित की गई है. Rafael के साथ RETIA, TATRA TRUCKS, ELDIS Pardubice, Ray Service और Vojenský výzkumný ústav समेत कई चेक कंपनियां और संस्थान इस परियोजना में शामिल हैं. चेक रक्षा मंत्रालय के अनुसार, घरेलू उद्योग को सिस्टम की असेंबली के साथ-साथ उसके पूरे जीवनचक्र के दौरान रखरखाव और सपोर्ट में भी भूमिका दी गई है.

चारों बैटरियों के अधिग्रहण के साथ चेक गणराज्य की जमीन आधारित वायु रक्षा के आधुनिकीकरण में एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हुआ है. चेक सरकार ने 19 सितंबर को चारों SPYDER सिस्टम के अधिग्रहण की पुष्टि की, जबकि चेक सेना की ओर से जारी जानकारी में बताया गया है कि इस नई क्षमता को सेना की मौजूदा संरचना में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है.

SPYDER कार्यक्रम इजरायल और चेक गणराज्य के बीच बढ़ते रक्षा औद्योगिक सहयोग का भी प्रमुख उदाहरण है. 2021 का G2G समझौता दोनों देशों के बीच हुआ सबसे बड़ा रक्षा सौदा था और इसमें इजरायली तथा चेक रक्षा उद्योगों की संयुक्त भागीदारी शामिल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *