J-35A स्टेल्थ फाइटर का आधिकारिक नाम ‘युनलॉन्ग’, चीनी सरकारी मीडिया ने पहली बार की पुष्टि
चीन की वायुसेना के J-35A स्टेल्थ फाइटर जेट को अब ‘Yunlong’ (युनलॉन्ग/Cloud Dragon) नाम से आधिकारिक तौर पर पेश किया गया है. चीनी सरकारी मीडिया के एक कार्यक्रम में J-35A को इस नाम के साथ प्रदर्शित किया गया. इसे J-35A के कोडनेम की पहली आधिकारिक पुष्टि के तौर पर देखा जा रहा है.
चीनी सरकारी मीडिया CCTV के एक विशेष कार्यक्रम में पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) एयर फोर्स के कई लड़ाकू विमानों को उनके कोडनेम के साथ पेश किया गया. इनमें J-10 को ‘Menglong’, J-11 को ‘Yinglong’, J-16 को ‘Qianlong’, J-20 को ‘Weilong’ और J-35A को ‘Yunlong’ नाम दिया गया. इसके अलावा H-6K को ‘Zhanshen’ और Y-20 को ‘Kunpeng’ नाम से दिखाया गया.
J-35A के नाम को लेकर पहले से चल रही थी चर्चा
J-35A के लिए ‘Yunlong’ नाम की चर्चा पहले से होती रही थी. सितंबर 2025 में CCTV के एक सैन्य कार्यक्रम में J-35A, J-20, J-10 और J-16 के टेल-फिन डिजाइन से जुड़े एक कार्यक्रम में इन विमानों के नामों को डिजाइन की अवधारणा से जोड़ा गया था. उस समय चीनी सैन्य सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने अनुमान लगाया था कि J-35A का आधिकारिक नाम ‘Yunlong’ हो सकता है. अब CCTV के नए कार्यक्रम में J-35A को इसी नाम से पेश किए जाने के बाद इस नाम की आधिकारिक पुष्टि मानी जा रही है.
चीन के ‘ड्रैगन’ नाम वाले लड़ाकू विमान

चीन ने हाल के वर्षों में अपने सैन्य विमानों के लिए चीनी सांस्कृतिक संदर्भों वाले नामों के इस्तेमाल पर जोर दिया है. J-10 को ‘Vigorous Dragon’, J-11 को ‘Winged Dragon’, J-16 को ‘Hidden Dragon’ और J-20 को ‘Mighty Dragon’ नाम से पेश किया गया है. J-35A के लिए अब ‘Yunlong’ यानी ‘Cloud Dragon’ नाम इस श्रृंखला में जुड़ गया है.
Global Times की रिपोर्ट के मुताबिक, Aviation Industry Corporation of China (AVIC) ने जुलाई 2022 में सैन्य और नागरिक विमानों के लिए अपनी ब्रांड नामकरण व्यवस्था से जुड़े नियमों को व्यवस्थित रूप से जारी किया था. इसके तहत पहले से इस्तेमाल हो रहे कुछ नामों को मान्यता देने के साथ चीनी विशेषताओं वाली नामकरण व्यवस्था को और विकसित किया गया.
J-35A चीन का स्टेल्थ फाइटर प्रोग्राम का हिस्सा है और चीन की वायु शक्ति के आधुनिकीकरण में इसे महत्वपूर्ण विमान के तौर पर देखा जाता है. इस नए आधिकारिक नाम के इस्तेमाल से चीन ने अपने लड़ाकू विमानों की पहचान के लिए एक अलग नामकरण व्यवस्था को और स्पष्ट किया है.