उत्तर प्रदेश पुलिस को मिली 2000 नई M72 कार्बाइन्स, SSS Defence ने पूरी की बड़ी डिलीवरी
भारत की प्रमुख रक्षा निर्माण कंपनी SSS Defence ने इस सप्ताह उत्तर प्रदेश पुलिस को 2000 अत्याधुनिक M72 5.56×45 mm कार्बाइन्स की डिलीवरी पूरी कर दी है. यह डील भारतीय सुरक्षा बलों के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.
कंपनी ने इस उपलब्धि को गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि देश के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित कानून प्रवर्तन संगठनों में से एक उत्तर प्रदेश पुलिस की सेवा करना उनके लिए सम्मान की बात है.
SSS Defence द्वारा साझा की गई तस्वीरों में पुलिसकर्मियों के हाथों में नई M72 कार्बाइन्स दिखाई दे रही हैं. कंपनी ने इन तस्वीरों को “raw in emotion” बताते हुए कहा कि ये केवल हथियारों की तस्वीरें नहीं, बल्कि कर्तव्य, सुरक्षा और राष्ट्र सेवा की भावना को दर्शाती हैं.
M72 कार्बाइन 5.56×45 mm कैलिबर की आधुनिक असॉल्ट कार्बाइन है, जिसे शहरी युद्ध, त्वरित प्रतिक्रिया और क्लोज क्वार्टर ऑपरेशन को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. यह हल्की, कॉम्पैक्ट और हाई-एक्युरेसी हथियार प्रणाली मानी जाती है, जो सुरक्षा बलों की ऑपरेशनल क्षमता को मजबूत करती है.
भारत में निजी रक्षा कंपनियों की बढ़ती भूमिका के बीच यह डिलीवरी “मेक इन इंडिया” और स्वदेशी रक्षा उत्पादन की सफलता का भी बड़ा उदाहरण मानी जा रही है.