Indian Coast Guard को मिली नई ताकत, ICGS Achal हुआ बेड़े में शामिल
भारतीय तटरक्षक बल को 9 मई 2026 को एक और बड़ी ताकत मिल गई, जब गोवा शिपयार्ड लिमिटेड में अत्याधुनिक भारतीय तटरक्षक पोत ‘ICGS Achal’ को औपचारिक रूप से सेवा में शामिल किया गया. यह नई पीढ़ी की अदम्य-श्रेणी के तेज गति वाले गश्ती पोतों की श्रृंखला का नया जहाज है, जो भारतीय समुद्री सुरक्षा को और मजबूत करेगा.
‘अचल’ नाम का अर्थ है ‘अडिग’, जो भारतीय तटरक्षक बल की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा, राष्ट्रीय समुद्री हितों की रक्षा और समुद्र में लोगों की जान बचाने की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है. यह आधुनिक पोत तटीय और अपतटीय निगरानी, समुद्री अवरोधन अभियान, खोज एवं बचाव (SAR) मिशन, तस्करी-रोधी अभियान और समुद्री प्रदूषण से निपटने जैसे कई महत्वपूर्ण अभियानों को अंजाम देने में सक्षम है.

इस जहाज को रक्षा मंत्रालय के अपर सचिव एवं महानिदेशक (अधिग्रहण) ए. अंबरासु ने भारतीय तटरक्षक बल को औपचारिक रूप से सौंपा. समारोह में तटरक्षक क्षेत्र (उत्तर-पश्चिम) के कमांडर इंस्पेक्टर जनरल टेकुर शशि कुमार, केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी तथा गोवा शिपयार्ड लिमिटेड के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.
मेसर्स गोवा शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित यह पोत भारत की बढ़ती रक्षा निर्माण क्षमता का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है. 50 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी उपकरणों और तकनीकों से लैस यह जहाज ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को नई मजबूती देता है.
आईसीजीएस अचल के बेड़े में शामिल होने से भारतीय तटरक्षक बल की समुद्री निगरानी क्षमता, तटीय सुरक्षा व्यवस्था और परिचालन तत्परता में बड़ा इजाफा होगा. यह पोत भविष्य में भारत की समुद्री सुरक्षा रणनीति में अहम भूमिका निभाने वाला है.