Pakistan ने चीन-लिंक्ड AESA रडार नेटवर्क किया सक्रिय, दक्षिण एशिया में एयर डिफेंस संतुलन पर असर

पाकिस्तान ने चीन-लिंक्ड AESA रडार नेटवर्क किया सक्रिय, दक्षिण एशिया में एयर डिफेंस संतुलन पर असर

भारत के साथ बढ़ते सामरिक तनाव के बीच Pakistan ने अपनी वायु रक्षा क्षमता को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है. पाकिस्तान ने अपने दो उन्नत रडार सिस्टम—AM-350S लॉन्ग-रेंज रडार और ‘मचान’ (Machaan) AESA टैक्टिकल रडार—को सक्रिय कर दिया है. खास बात यह है कि इन रडारों को चीन समर्थित सैटेलाइट नेटवर्क से जोड़ा गया है, जिससे इनकी ऑपरेशनल क्षमता में बड़ा इजाफा हुआ है.

विभिन्न रिपोर्ट के मुताबिक, यह दोनों रडार अब नेटवर्क-सेंट्रिक एयर डिफेंस सिस्टम के रूप में काम करेंगे, जहां रियल-टाइम डेटा शेयरिंग के जरिए तेज़ प्रतिक्रिया संभव होगी. इससे लक्ष्य की पहचान, ट्रैकिंग और इंटरसेप्शन की प्रक्रिया पहले की तुलना में काफी तेज हो सकती है.

AM-350S रडार को पाकिस्तान का स्वदेशी लॉन्ग-रेंज एक्टिव इलेक्ट्रॉनिकली स्कैन्ड एरे (AESA) रडार माना जा रहा है, जिसकी डिटेक्शन रेंज लगभग 350 किलोमीटर तक बताई जा रही है. यह 360 डिग्री कवरेज के साथ हाई-एल्टीट्यूड टारगेट्स पर निगरानी रखने में सक्षम है और एंटी-जैमिंग तकनीक से लैस है.

वहीं, ‘मचान’ AESA रडार एक 3D टैक्टिकल रडार है, जिसे विशेष रूप से लो-एल्टीट्यूड और तेज़ गति से उड़ने वाले लक्ष्यों—जैसे ड्रोन और क्रूज़ मिसाइल—का पता लगाने के लिए डिजाइन किया गया है. यह मल्टी-टारगेट ट्रैकिंग और फायर कंट्रोल सपोर्ट प्रदान करता है.

विशेषज्ञों का मानना है कि इन रडार सिस्टम्स को चीन के सैटेलाइट लिंक से जोड़ना इस पूरी प्रणाली का सबसे अहम पहलू है. इससे पाकिस्तान को रियल-टाइम इंटेलिजेंस, बेहतर समन्वय और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध की स्थिति में भी निरंतर ऑपरेशन बनाए रखने में मदद मिल सकती है.

रक्षा विश्लेषकों के अनुसार, यह विकास दक्षिण एशिया में एयर डिफेंस के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा को और तेज कर सकता है. भविष्य के युद्धों में अब केवल हथियारों की क्षमता ही नहीं, बल्कि नेटवर्क-सेंट्रिक वॉरफेयर और डेटा इंटीग्रेशन भी निर्णायक भूमिका निभाएंगे.

विशेषज्ञों का कहना है कि इस कदम के बाद क्षेत्र में “सेंसर और नेटवर्क डॉमिनेंस” की होड़ और तेज हो सकती है, जिससे भारत सहित अन्य देशों को अपनी एयर डिफेंस रणनीति को और मजबूत करने की जरूरत पड़ सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *