India का नया मल्टी-रोल कामिकाज़े ड्रोन तैयार, 20KM रेंज के साथ ISR और स्ट्राइक दोनों में सक्षम
India के रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी तकनीक को लेकर एक और महत्वपूर्ण प्रगति सामने आई है. एक स्पेशलाइज़्ड मल्टी-रोल ड्रोन विकसित किया गया है, जो इंटेलिजेंस, सर्विलांस और रिकॉनिसेंस (ISR) मिशनों के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर कामिकाज़े स्ट्राइक करने में भी सक्षम है.
यह ड्रोन BSS Materiel द्वारा विकसित किया गया है और खास बात यह है कि इसे रिवर्स इंजीनियरिंग के जरिए तैयार किया गया है, जिससे विदेशी तकनीक पर निर्भरता कम करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, यह ड्रोन बेहद हल्का है और इसका वजन करीब 200 ग्राम है, जबकि इसका अधिकतम टेक-ऑफ वजन 300 ग्राम तक है. इसके बावजूद यह ड्रोन 60 मिनट तक लगातार उड़ान भर सकता है और लगभग 20 किलोमीटर की दूरी तक ऑपरेट किया जा सकता है.
ड्रोन में FPV (फर्स्ट पर्सन व्यू) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे ऑपरेटर को रियल-टाइम विजुअल फीड मिलती है. यही तकनीक इसे सटीक टारगेटिंग और कामिकाज़े मिशन के लिए बेहद प्रभावी बनाती है. यह ड्रोन करीब 100 ग्राम तक का पेलोड ले जाकर सीधे लक्ष्य पर हमला करने में सक्षम है.
रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, इस तरह के छोटे लेकिन घातक ड्रोन आधुनिक युद्ध में तेजी से महत्वपूर्ण होते जा रहे हैं. कम लागत, उच्च सटीकता और आसान तैनाती के चलते ये ड्रोन सीमा सुरक्षा और शहरी युद्ध जैसे परिदृश्यों में गेम-चेंजर साबित हो सकते हैं.
स्वदेशी रूप से विकसित यह सिस्टम भारत की आत्मनिर्भर रक्षा क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक और अहम कदम माना जा रहा है.