DRDO ने 16,000 फीट की ऊंचाई से स्वदेशी AHAP पैराशूट सिस्टम का सफल लाइव जंप परीक्षण किया

DRDO ने 16,000 फीट की ऊंचाई से स्वदेशी AHAP पैराशूट सिस्टम का सफल लाइव जंप परीक्षण किया

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने स्वदेशी रूप से विकसित एयरबोर्न हाई-एल्टीट्यूड पैराशूट (AHAP) सिस्टम का सफल पहला लाइव जंप परीक्षण किया है. यह परीक्षण अत्यधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारतीय रक्षा बलों की सामरिक जरूरतों के लिए इस पैराशूट सिस्टम की क्षमता और उपयोगिता को प्रदर्शित करता है.

इस लाइव जंप के दौरान पैराट्रूपर ने समुद्र तल से 16,000 फीट की ऊंचाई (AMSL) से छलांग लगाई. पैराशूट को 15,500 फीट AMSL की ऊंचाई पर तैनात किया गया और लैंडिंग 13,700 फीट की ऊंचाई पर स्थित न्योमा के मुध ड्रॉपिंग जोन (Mudh DZ) में की गई. इस परीक्षण ने बेहद ऊंचाई वाले इलाकों में AHAP पैराशूट की प्रभावशीलता और सामरिक उपयोगिता को साबित किया.

ADRDE ने किया डिजाइन और विकास

AHAP को आगरा स्थित एरियल डिलीवरी रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट (ADRDE) ने डिजाइन और विकसित किया है. यह एक स्टैटिक-लाइन पैराशूट सिस्टम है, जिसे बड़ी संख्या में पैराट्रूपर्स को एक साथ ड्रॉप करने के लिए विकसित किया गया है.

वीडियो – डीआरडीओ

इस सिस्टम का निर्माण ऑर्डनेंस पैराशूट फैक्ट्री (OPF), कानपुर ने किया है. इसकी जांच डिफेंस जनरल क्वालिटी एश्योरेंस (DGAQA) ने की है, जबकि कानपुर स्थित सेंटर फॉर मिलिट्री एयरवर्दीनेस एंड सर्टिफिकेशन (CEMILAC), RCMA कानपुर ने इसे प्रमाणित किया है.

18,000 फीट तक की ऊंचाई पर इस्तेमाल की क्षमता

AHAP में तैनाती के कई विकल्प उपलब्ध हैं और इसकी ऑपरेशनल ऊंचाई सीमा 18,000 फीट तक है. सिस्टम को विशेष रूप से ऊंचाई वाले इलाकों में भारतीय रक्षा बलों की सामरिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है. इसकी खासियत सुरक्षित अवतरण दर भी है.

इतनी अधिक ऊंचाई पर स्टैटिक-लाइन पैराशूट जंप बेहद जटिल और जोखिमपूर्ण होते हैं. इसका प्रमुख कारण पैराशूट खुलने के दौरान लगने वाला बहुत अधिक ओपनिंग शॉक और अवतरण की दर है. ऐसे में AHAP का सफल लाइव जंप परीक्षण उच्च-ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इसके सामरिक इस्तेमाल की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने AHAP के स्वदेशी पैराशूट सिस्टम के सफल पहले लाइव जंप पर DRDO, रक्षा बलों, रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (DPSUs) और उद्योग जगत को बधाई दी. उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बताया.

रक्षा सचिव एवं रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और DRDO के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने भी इस सिस्टम के डिजाइन और विकास से जुड़े टीम सदस्यों को सफल परीक्षण के लिए बधाई दी.

One thought on “DRDO ने 16,000 फीट की ऊंचाई से स्वदेशी AHAP पैराशूट सिस्टम का सफल लाइव जंप परीक्षण किया”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *