Tata Boeing Aerospace ने बनाया 400वां ‘मेड इन इंडिया’ अपाचे फ्यूजलेज, वैश्विक स्तर पर बढ़ी भारत की भूमिका

Tata Boeing ने बनाया 400वां मेड इन इंडिया Apache Fuselage

भारत के रक्षा और एयरोस्पेस विनिर्माण क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है. Tata Boeing Aerospace लिमिटेड (TBAL) ने AH-64E अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर के लिए 400वें ‘मेड इन इंडिया’ फ्यूजलेज का सफलतापूर्वक रोलआउट किया है. यह फ्यूजलेज हैदराबाद स्थित TBAL की अत्याधुनिक उत्पादन सुविधा में तैयार किया गया है.

TBAL, बोइंग और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (TASL) का संयुक्त उद्यम है. कंपनी द्वारा भारत में निर्मित इन फ्यूजलेज को दुनिया भर में आपूर्ति किए जाने वाले AH-64E अपाचे हेलीकॉप्टरों के अंतिम विमान में एकीकृत किया जाता है.

अपाचे दुनिया के सबसे उन्नत और युद्ध-परीक्षित अटैक हेलीकॉप्टरों में शामिल है. इस प्लेटफॉर्म के लिए 400वें फ्यूजलेज का भारत में तैयार होना देश की एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और वैश्विक रक्षा आपूर्ति श्रृंखला में बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है.

वर्तमान में करीब 1,300 अपाचे हेलीकॉप्टर 19 देशों में परिचालन में हैं और इसकी वैश्विक मांग लगातार बनी हुई है. ऐसे में भारत में अपाचे के महत्वपूर्ण संरचनात्मक हिस्सों का निर्माण देश को वैश्विक एयरोस्पेस उत्पादन नेटवर्क में एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाता है. भारतीय वायुसेना भी AH-64E अपाचे हेलीकॉप्टर का संचालन करती है. भारतीय वायुसेना के बेड़े में 22 AH-64E अपाचे हेलीकॉप्टर शामिल हैं.

TBAL की यह उपलब्धि भारत में रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ देश की एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं के वैश्विक विस्तार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. 400वें फ्यूजलेज का रोलआउट इस बात का संकेत है कि भारत अब केवल घरेलू जरूरतों के लिए ही नहीं, बल्कि दुनिया के प्रमुख रक्षा प्लेटफॉर्म के लिए भी महत्वपूर्ण एयरोस्पेस कंपोनेंट तैयार कर रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *