Indian Coast Guard का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन, मंगलुरु के पास संकट में फंसी नौका से 6 मछुआरों को बचाया

Indian Coast Guard का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन, मंगलुरु के पास संकट में फंसी नौका से 6 मछुआरों को बचाया

भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) ने 29 जून, 2026 को मंगलुरु तट के पास एक चुनौतीपूर्ण समुद्री खोज और बचाव अभियान चलाकर संकट में फंसी भारतीय मछली पकड़ने वाली नौका (IFB) मंजू माथा के छह मछुआरों को सुरक्षित बचा लिया.

जानकारी के अनुसार, भारतीय तटरक्षक बल के जहाज सचेत को शाम करीब 4 बजे सूरतकल तट से लगभग 33 समुद्री मील दूर मौजूद मछली पकड़ने वाली नौका से वीएचएफ आरटी के जरिए आपातकालीन संदेश मिला. संदेश में बताया गया कि खराब समुद्री परिस्थितियों के कारण नौका में भारी मात्रा में पानी भर गया है और पतवार को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे उसमें सवार सभी छह मछुआरों की जान खतरे में थी.

Indian Coast Guard का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन, मंगलुरु के पास संकट में फंसी नौका से 6 मछुआरों को बचाया

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आईसीजीएस सचेत ने तुरंत अपनी दिशा बदली और संकटग्रस्त नौका तक पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया. खराब मौसम, तेज हवाओं और कम दृश्यता जैसी कठिन परिस्थितियों के बावजूद तटरक्षक दल ने पूरी दक्षता और सावधानी के साथ अभियान को अंजाम दिया.

Indian Coast Guard का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन, मंगलुरु के पास संकट में फंसी नौका से 6 मछुआरों को बचाया
Indian Coast Guard

बचाव के दौरान आईसीजीएस सचेत के चालक दल ने रिमोट-ऑपरेटेड लाइफ रिंग का इस्तेमाल किया, जिसे विशेष रूप से खराब समुद्री हालात में फंसे लोगों तक सुरक्षित पहुंच बनाने के लिए डिजाइन किया गया है. इस तकनीक की मदद से सभी छह मछुआरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

शाम करीब 6 बजे तक सभी छह चालक दल सदस्यों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया. आईसीजीएस सचेत अब बचाए गए मछुआरों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए न्यू मैंगलोर की ओर बढ़ रहा है.

यह अभियान भारतीय तटरक्षक बल की समुद्र में जीवन रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है. कठिन समुद्री आपात परिस्थितियों में तटरक्षक कर्मियों के साहस, प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीक और पेशेवर क्षमता के प्रभावी तालमेल से यह सफल बचाव अभियान पूरा किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *