Singapore और Indonesia की वायुसेनाओं ने पहली बार किया Joint Fighter Air Patrol
Singapore और Indonesia की वायुसेनाओं ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. दोनों देशों की वायुसेनाओं ने 3 और 4 नवंबर 2026 को पहली बार संयुक्त लड़ाकू हवाई गश्त (Joint Fighter Air Patrol) का संचालन किया. यह गश्त दोनों देशों के बीच शुरू किए गए पहले Patkor Indopura 2026 अभ्यास का हिस्सा थी.
इस संयुक्त अभियान में सिंगापुर की रिपब्लिक ऑफ सिंगापुर एयर फोर्स (RSAF) और इंडोनेशिया की वायुसेना (TNI AU) के दो-दो F-16 लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया. इस दौरान दोनों देशों के लड़ाकू विमानों ने सिंगापुर और इंडोनेशिया की सीमा से लगे हवाई क्षेत्र में एक साथ गश्त की.
सिंगापुर के रक्षा मंत्रालय (MINDEF) के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य सीमा सुरक्षा को मजबूत करना और अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद से उत्पन्न खतरों से निपटने के लिए दोनों वायुसेनाओं के बीच सहयोग बढ़ाना है. संयुक्त गश्त के दौरान दोनों देशों की वायुसेनाओं ने आपसी ब्रीफिंग की और मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) का अभ्यास भी किया.

इस अभियान में दोनों वायुसेनाओं के प्रमुखों ने भी हिस्सा लिया. सिंगापुर की वायुसेना के प्रमुख मेजर जनरल केल्विन फैन (Major-General Kelvin Fan) और इंडोनेशियाई वायुसेना के चीफ ऑफ स्टाफ एयर चीफ मार्शल मोहम्मद टोनी हरजोनो (Air Chief Marshal Mohamad Tonny Harjono) ने अपनी-अपनी वायुसेनाओं के लड़ाकू विमानों में उड़ान भरते हुए संयुक्त गश्त में भाग लिया.
इस मौके पर मेजर जनरल केल्विन फैन ने कहा कि पहला Patkor Indopura दोनों वायुसेनाओं के लिए एक विशेष उपलब्धि है. उनके अनुसार, संयुक्त गश्त दोनों देशों की वायुसेनाओं के बीच विश्वास, मित्रता और पेशेवर सहयोग को दर्शाती है.
सिंगापुर-इंडोनेशिया के बीच पुराना रक्षा सहयोग

Patkor Indopura दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को आगे बढ़ाने वाला अभियान है. दोनों वायुसेनाएं पहले भी Exercise Elang Indopura, Exercise Camar Indopura और Exercise Manyar Indopura जैसे द्विपक्षीय सैन्य अभ्यासों में हिस्सा लेती रही हैं.

इसके अलावा दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय सैन्य दौरे, पेशेवर आदान-प्रदान और प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में एक-दूसरे के सैन्यकर्मियों की भागीदारी भी होती रही है. इन गतिविधियों का उद्देश्य दोनों वायुसेनाओं के बीच आपसी तालमेल, परिचालन क्षमता और विश्वास को मजबूत करना है.
सिंगापुर के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, पहली संयुक्त लड़ाकू हवाई गश्त से दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग और आपसी समझ को और मजबूती मिली है.