Bihar में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग को बढ़ावा देने के लिए ISIG के साथ MoU
Bihar में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग का इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है. बिहार सरकार के उद्योग विभाग ने 3 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में इंटरनेशनल सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री ग्रुप (ISIG) के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए. इस साझेदारी का उद्देश्य बिहार को सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े उद्योगों के लिए एक उभरते औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करना है.
Bihar के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व और उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह के मार्गदर्शन में हुए इस समझौते पर बिहार सरकार के उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार और इंटरनेशनल सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री ग्रुप (ISIG) के CEO सलाह नासरी ने हस्ताक्षर किए.

राज्य सरकार के अनुसार, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र तकनीकी प्रगति, औद्योगिक विकास और आर्थिक वृद्धि के प्रमुख आधार हैं. ISIG के साथ यह साझेदारी बिहार में इन क्षेत्रों से संबंधित उद्योगों के विकास के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने की दिशा में की गई है.
सेमीकंडक्टर उद्योग में चिप डिजाइन, निर्माण, एडवांस्ड पैकेजिंग और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से जुड़ी गतिविधियां शामिल हैं. इन क्षेत्रों में औद्योगिक क्षमता विकसित करने के लिए निवेश, तकनीकी विशेषज्ञता, कुशल मानव संसाधन और मजबूत सप्लाई चेन की आवश्यकता होती है.
गौरतलब है कि बिहार सरकार ने जनवरी 2026 में अपनी सेमीकंडक्टर पॉलिसी 2026 भी जारी की थी. ISIG के साथ हुआ यह समझौता राज्य में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग को विकसित करने के प्रयासों का हिस्सा है.