Shield AI और Kraken ने K3 SCOUT USV की Autonomous Maritime Teaming का किया सफल प्रदर्शन
ब्रिटेन के पोर्ट्समाउथ में Shield AI और Kraken Technology Group ने दो मानवरहित समुद्री पोतों (USV) की स्वायत्त टीमिंग क्षमता का प्रदर्शन किया है. 28 सितंबर 2026 को हुए इस प्रदर्शन में Kraken के K3 SCOUT USV को Shield AI के Hivemind AI पायलट से लैस कर दो पोतों को एक टीम के रूप में संचालित किया गया.
प्रदर्शन के दौरान दोनों K3 SCOUT USV ने इंटेलिजेंस, सर्विलांस एंड रिकॉनिसेंस (ISR) मिशन के तहत एक निर्धारित समुद्री क्षेत्र की स्वायत्त तरीके से खोज की. Hivemind ने दोनों पोतों के बीच मिशन का समन्वय किया और उनके सेंसर से मिलने वाले डेटा का इस्तेमाल करते हुए अभियान को आगे बढ़ाया.
पोत की पहचान के बाद बदली मिशन योजना
इस अभियान में दोनों USV ने ऑनबोर्ड रडार, कैमरों और Automatic Identification System (AIS) डेटा का इस्तेमाल किया. खोज के दौरान एक vessel of interest की पहचान और वर्गीकरण किया गया.
इसके बाद Hivemind ने दोनों USV को उस पोत को ट्रैक करने और उसे ऑपरेशनल क्षेत्र से बाहर एस्कॉर्ट करने के लिए समन्वित किया. यह कार्य पूरा होने के बाद सिस्टम ने मिशन योजना को दोबारा तैयार किया और दोनों USV ने निर्धारित क्षेत्र में अपनी खोज फिर से शुरू की.
इस प्रदर्शन ने दिखाया कि कई स्वायत्त समुद्री पोतों को अलग-अलग परिसंपत्तियों के रूप में संचालित करने के बजाय एक समन्वित टीम के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे अलग-अलग पोतों के बीच सेंसर डेटा साझा करने और मिशन के दौरान बदलती परिस्थितियों के अनुसार संचालन में बदलाव करने की क्षमता सामने आई.
Hivemind ऑपरेटर के निर्देशों के तहत करता है काम
Shield AI के अनुसार, Hivemind AI पायलट ऑपरेटर द्वारा निर्धारित सीमाओं और स्थापित कमांड अथॉरिटी के तहत प्लेटफॉर्म को स्वतंत्र रूप से स्थिति को समझने, निर्णय लेने और कार्रवाई करने में सक्षम बनाता है.
कंपनी के मुताबिक, पारंपरिक ऑटोपायलट के विपरीत Hivemind पहले से तय मार्ग तक सीमित नहीं रहता. यह मिशन के दौरान जरूरत के अनुसार मार्ग और मिशन योजना में बदलाव कर सकता है, अप्रत्याशित परिस्थितियों पर प्रतिक्रिया दे सकता है और बाधाओं से बचते हुए निर्धारित कार्यों को पूरा कर सकता है.
Shield AI में Hivemind के वरिष्ठ उपाध्यक्ष क्रिश्चियन गुटिरेज ने कहा कि Kraken के साथ सहयोग यह दिखाता है कि Hivemind किस तरह स्वायत्त समुद्री टीमों को एक बड़े वितरित बल के हिस्से के रूप में काम करने में सक्षम बना सकता है.
K3 SCOUT की क्षमता
Kraken का K3 SCOUT एक हाई-परफॉर्मेंस, हाई-स्पीड और मॉड्यूलर अनक्रूड सरफेस वेसल है. कंपनी के अनुसार इसके मॉड्यूलर डिजाइन के कारण इसे लॉजिस्टिक्स, सर्च एंड रेस्क्यू, सर्वे, ISR और स्ट्राइक जैसी अलग-अलग भूमिकाओं के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.
K3 SCOUT की लंबाई 8.4 मीटर है और इसकी अधिकतम गति 55 नॉट तक है. यह 600 किलोग्राम तक का पेलोड ले जा सकता है. इसका मॉड्यूलर डिजाइन अलग-अलग क्षमताओं और प्रणालियों को एकीकृत करने की सुविधा देता है.
Royal Navy ने Project BEEHIVE के तहत 20 K3 USV खरीदने की योजना की पुष्टि की है. ब्रिटिश नौसेना के अनुसार, Project BEEHIVE का उद्देश्य भविष्य की Hybrid Navy के लिए नई तकनीकों को परखना और उन्हें संचालन में लाने की प्रक्रिया को तेज करना है.
जुलाई 2026 में Royal Navy ने बताया था कि Project BEEHIVE के तहत K3 SCOUT का इस्तेमाल निगरानी, फोर्स प्रोटेक्शन और precision strike सहित विभिन्न कार्यों के लिए किया जा सकता है.
Shield AI के लिए यह ब्रिटेन में उसका पहला maritime autonomy demonstration है. कंपनी और Kraken Technology Group ने आने वाले एक साल में ब्रिटेन और NATO साझेदारों के साथ चुनौतीपूर्ण समुद्री वातावरण में संयुक्त परीक्षणों को आगे बढ़ाने की योजना बताई है.