Greece में एयरशो के दौरान F-4 Phantom लड़ाकू विमान क्रैश, दोनों पायलटों की मौत
Greece की राजधानी एथेंस के Tanagra Air Base में 5 सितंबर को Athens Flying Week के दौरान Hellenic Air Force का F-4 Phantom II लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई है.
ग्रीक समाचार एजेंसी ANA-MPA के मुताबिक, F-4 Phantom एयरशो में हिस्सा ले रहा था और करीब दोपहर 3 बजे यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल ने घटनास्थल से दोनों पायलटों के शव बरामद कर लिया है.
टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद हुआ हादसा
विमान ने उड़ान भरने के करीब 3 मिनट बाद ही नियंत्रण खो दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, F-4 Phantom जमीन से बेहद कम ऊंचाई पर दाईं ओर मुड़ता हुआ दिखाई दिया और इसके तुरंत बाद वह दुर्घटनाग्रस्त होकर आग के गोले में तब्दील हो गया. विमान Tanagra Air Base से लगभग दो किलोमीटर दूर गिरा. हादसे के बाद आसपास के इलाके में आग फैल गई और नजदीकी जंगल में भी आग लग गई. हादसे के बाद एयरबेस में मौजूद दर्शकों को लाउडस्पीकर के जरिए इलाके से बाहर निकलने के निर्देश दिए गए.
हादसे के बाद Athens Flying Week के कार्यक्रम पर भी असर पड़ा. यह आयोजन ग्रीस के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एविएशन कार्यक्रमों में शामिल है, जिसमें विभिन्न देशों की सैन्य और नागरिक विमानन टीमें हिस्सा लेती हैं.
हादसे की वजह की जांच शुरू
अभी तक F-4 Phantom के दुर्घटनाग्रस्त होने की सटीक वजह सामने नहीं आई है. हादसे की जांच की जा रही है. ग्रीक वायुसेना ने दोनों मृत पायलटों की पहचान की पुष्टि करते हुए घटना पर आधिकारिक बयान जारी किया है.
यह दुर्घटना ऐसे समय हुई है जब F-4 Phantom II ग्रीक वायुसेना के पुराने लेकिन महत्वपूर्ण लड़ाकू विमानों में शामिल रहा है. ग्रीस ने पिछले वर्षों में अपने लड़ाकू बेड़े के आधुनिकीकरण के लिए Rafale और F-16V जैसे आधुनिक विमानों को शामिल किया है.