SCO Summit के इतर PM Narendra Modi और Nikol Pashinyan की हुई मुलाकात, रक्षा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर
प्रधानमंत्री Narendra Modi ने किर्गिज गणराज्य की राजधानी बिश्केक में 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन से इतर Armenia के प्रधानमंत्री निकोल पाशिन्यान से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच यह बैठक जून 2026 में आर्मेनिया में हुए आम चुनाव के बाद पाशिन्यान के दोबारा प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली मुलाकात थी.
प्रधानमंत्री मोदी ने चुनाव में जीत और दोबारा पद संभालने पर निकोल पाशिन्यान को बधाई दी. बैठक में दोनों नेताओं ने भारत और आर्मेनिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर व्यापक चर्चा की.
रक्षा और आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, आर्थिक सहयोग, फार्मास्यूटिकल्स, खनन, शिक्षा और सांस्कृतिक क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा हुई. दोनों नेताओं ने हाल के वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग के विस्तार पर संतोष व्यक्त किया.
प्रधानमंत्री मोदी और पाशिन्यान ने भारत-आर्मेनिया संबंधों में मौजूद विशेष गर्मजोशी और मित्रता को रेखांकित करते हुए आपसी संबंधों को आगे और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई.

पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी हुई चर्चा
दोनों प्रधानमंत्रियों ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया. इस दौरान पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर विशेष रूप से चर्चा हुई. प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए संवाद और कूटनीति के माध्यम से निरंतर प्रयास जारी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया
अर्मेनिया-अजरबैजान शांति समझौते पर पाशिन्यान ने दी जानकारी
बैठक के दौरान निकोल पाशिन्यान ने प्रधानमंत्री मोदी को अर्मेनिया-अजरबैजान शांति समझौते के क्रियान्वयन की मौजूदा स्थिति से भी अवगत कराया. दोनों नेताओं ने आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने और भारत-आर्मेनिया द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई. यह बैठक ऐसे समय हुई है जब भारत और आर्मेनिया के बीच रक्षा, व्यापार और रणनीतिक सहयोग के क्षेत्र में संबंध लगातार विस्तार कर रहे हैं.