US Attack on Iran: अमेरिका ने Iran के 6 सैन्य ठिकानों पर किए ताबड़तोड़ हमले, 5 घंटे तक चला ऑपरेशन
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने 13 जुलाई की रात Iran के खिलाफ एक और बड़े सैन्य अभियान को अंजाम दिया. अमेरिकी समयानुसार रात 10:15 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में लगभग पांच घंटे तक लगातार हवाई और सटीक हमले किए गए.
इस ऑपरेशन का उद्देश्य ईरान की उन सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना था, जिनका इस्तेमाल वह व्यावसायिक जहाजों और समुद्री मार्गों पर हमलों के लिए कर सकता है.
CENTCOM के अनुसार, अमेरिकी सेना ने ईरान के कई महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. इनमें बुशेहर (Bushehr), चाबहार (Chah Bahar), जास्क (Jask), कोनारक (Konarak), अबू मूसा (Abu Musa) और बंदर अब्बास (Bandar Abbas) शामिल हैं.
अमेरिका ने बताया कि इन हमलों में प्रिसिजन-गाइडेड म्यूनिशन (Precision-Guided Munitions) का इस्तेमाल किया गया, जिससे ईरान के तटीय रक्षा तंत्र (Coastal Defense Systems), मिसाइल लॉन्च साइट्स, ड्रोन बेस और समुद्री सैन्य क्षमताओं को निशाना बनाया गया. अमेरिकी सेना का दावा है कि इस कार्रवाई से ईरान की समुद्री हमले करने की क्षमता को और अधिक कमजोर किया गया है.
CENTCOM ने कहा कि यह अभियान क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों और समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाया गया. हाल के महीनों में अमेरिका लगातार यह आरोप लगाता रहा है कि ईरान और उसके समर्थित समूह लाल सागर, ओमान की खाड़ी और अरब सागर में व्यावसायिक जहाजों के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं.
अमेरिकी सैन्य कमान के अनुसार, इस समय मध्य पूर्व में 50,000 से अधिक अमेरिकी सैनिक तैनात हैं. CENTCOM ने कहा कि अमेरिकी सेना पूरी तरह सतर्क, घातक क्षमता से लैस और किसी भी संभावित खतरे का जवाब देने के लिए तैयार है. हालांकि, ईरान की ओर से इन ताजा हमलों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच यह कार्रवाई अमेरिका और ईरान के बीच जारी टकराव को और तेज कर सकती है.