Air Marshal Jasvir Singh Mann ने संभाली दक्षिणी वायु कमांड की कमान
भारतीय वायु सेना में वरिष्ठ स्तर पर महत्वपूर्ण नियुक्ति के तहत अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और वायु सेना मेडल (VM) से सम्मानित Air Marshal Jasvir Singh Mann ने 1 जुलाई 2026 को दक्षिणी वायु कमांड (Southern Air Command) के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (AOC-in-C) का पदभार ग्रहण कर लिया. पदभार संभालने के अवसर पर उन्हें दक्षिणी वायु कमांड मुख्यालय में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.
करीब चार दशक के अनुभवी अधिकारी Jasvir Singh Mann बने AOC-in-C
एयर मार्शल जसवीर सिंह मान का भारतीय वायु सेना में लगभग चार दशक का शानदार सैन्य करियर रहा है. उन्हें 16 दिसंबर 1989 को भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था. उन्होंने डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज और हायर एयर कमांड कोर्स से सैन्य शिक्षा प्राप्त की है. इसके अलावा उन्होंने ब्रिटेन के लंदन स्थित रॉयल कॉलेज ऑफ डिफेंस स्टडीज से स्नातकोत्तर शिक्षा भी हासिल की है.

एक पायलट अटैक इंस्ट्रक्टर के रूप में एयर मार्शल मान के पास 3,000 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है. उन्होंने अपाचे, मिग-21, जगुआर, मिग-29, Su-30 और राफेल जैसे कई अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों का संचालन किया है.
अपने लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने एक फाइटर स्क्वाड्रन की कमान संभालने के साथ-साथ एक प्रमुख फाइटर बेस के एयर ऑफिसर कमांडिंग के रूप में भी सेवाएं दी हैं. इसके अलावा उन्होंने एयर डिफेंस कमांडर, प्रशासनिक प्रभारी वरिष्ठ अधिकारी तथा एयर मुख्यालय में असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ (ऑपरेशन्स-ऑफेंसिव) और डायरेक्टर जनरल (वेपन सिस्टम्स) जैसे अहम पदों पर कार्य किया है.
एयर मार्शल मनीष खन्ना की जगह संभाली जिम्मेदारी
अपनी नई नियुक्ति से पहले वह पश्चिमी वायु कमांड में सीनियर एयर स्टाफ ऑफिसर के रूप में कार्यरत थे, जहां उन्होंने संयुक्त सैन्य अभियानों की क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया. उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें अति विशिष्ट सेवा मेडल और वायु सेना मेडल से सम्मानित किया जा चुका है.
एयर मार्शल जसवीर सिंह मान ने एयर मार्शल मनीष खन्ना का स्थान लिया है. एयर मार्शल मनीष खन्ना 30 जून 2026 को लगभग चार दशक की गौरवपूर्ण सेवा पूरी करने के बाद भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत्त हुए.