तुर्किये की सेना में शामिल हुआ Bayraktar Kızılelma, दुनिया का पहला मानवरहित लड़ाकू विमान?

तुर्किये की सेना में शामिल हुआ Bayraktar Kızılelma, दुनिया का पहला मानवरहित लड़ाकू विमान?

तुर्किये ने अपने स्वदेशी मानवरहित लड़ाकू विमान (Unmanned Combat Aircraft) Bayraktar Kızılelma को देश की सशस्त्र सेनाओं (Turkish Armed Forces) के सैन्य बेड़े में शामिल कर लिया है. 19 नवंबर 2026 को इस विमान की पहली तीन इकाइयों को सफल स्वीकृति परीक्षण (Acceptance Tests) के बाद तुर्किये के सुरक्षा बलों को सौंपा गया. इसके साथ ही तुर्किये दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया है, जिसने मानवरहित लड़ाकू विमान को आधिकारिक तौर पर सैन्य सेवा में शामिल किया है. इस विमान को तुर्किये की रक्षा एवं विमानन कंपनी Baykar ने विकसित किया है.

तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे ऐतिहासिक दिन बताया. उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कहा, “आज एक ऐतिहासिक दिन है, जब एक बड़ा सपना हकीकत बन गया है. वर्षों के काम और जबरदस्त प्रयासों के बाद हमारा Bayraktar Kızılelma मानवरहित लड़ाकू विमान तुर्किये की सशस्त्र सेनाओं के बेड़े में शामिल हो गया है.”

600 उड़ान परीक्षणों के बाद सैन्य सेवा में शामिल हुआ विमान

तुर्किये की सेना में शामिल हुआ Bayraktar Kızılelma, दुनिया का पहला मानवरहित लड़ाकू विमान?
फोटो – BAYKAR

Baykar के अनुसार, Kızılelma कार्यक्रम के तहत अब तक परीक्षण और प्रशिक्षण गतिविधियों में कुल 600 उड़ानें पूरी की जा चुकी हैं. पहले तीन विमानों ने सभी आवश्यक स्वीकृति परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे किए, जिसके बाद 19 नवंबर को इन्हें सुरक्षा बलों को सौंप दिया गया. कंपनी ने इस कार्यक्रम को अपनी शुरुआत से ही एक बड़े तकनीकी लक्ष्य के रूप में विकसित किया है.

2022 में भरी थी पहली उड़ान

Bayraktar Kızılelma का कॉन्सेप्ट डिजाइन पहली बार 20 जुलाई 2021 को सार्वजनिक किया गया था. इसके बाद 12 मार्च 2022 को इसे उत्पादन लाइन में शामिल किया गया. विमान ने 14 दिसंबर 2022 को तुर्किये के Çorlu स्थित परीक्षण केंद्र से अपनी पहली उड़ान भरी. इस दौरान इसने लगभग 18 मिनट तक उड़ान परीक्षण किया.

24 अप्रैल 2023 को Kızılelma ने Baykar के दूसरे मानवरहित लड़ाकू विमान Bayraktar AKINCI के साथ Close Formation Flight का प्रदर्शन किया. यह दुनिया में दो मानवरहित विमानों के बीच इस तरह की पहली क्लोज फॉर्मेशन उड़ान थी.

एयर-टू-एयर मिसाइल से लक्ष्य को मार गिराने की क्षमता

तुर्किये की सेना में शामिल हुआ Bayraktar Kızılelma, दुनिया का पहला मानवरहित लड़ाकू विमान?
फोटो – BAYKAR

Kızılelma की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक इसका एयर-टू-एयर मिसाइल परीक्षण है. 29 नवंबर 2025 को तुर्किये के Sinop तट के पास किए गए परीक्षण में इस विमान ने GÖKDOĞAN Beyond-Visual-Range (BVR) एयर-टू-एयर मिसाइल से जेट इंजन से संचालित हवाई लक्ष्य को निशाना बनाया.

इस परीक्षण में विमान ने ASELSAN के MURAD AESA रडार की मदद से लक्ष्य की पहचान और ट्रैकिंग की. इसके बाद TÜBİTAK SAGE द्वारा विकसित GÖKDOĞAN मिसाइल से लक्ष्य पर सीधा प्रहार किया. Baykar के अनुसार, इस उपलब्धि के साथ Kızılelma ऐसा पहला मानवरहित लड़ाकू विमान बना, जिसने BVR एयर-टू-एयर मिसाइल से जेट संचालित हवाई लक्ष्य को सफलतापूर्वक निशाना बनाया.

हवाई युद्ध में बदल सकती है मानवरहित विमानों की भूमिका

Bayraktar Kızılelma को एयर-टू-एयर और एयर-टू-ग्राउंड दोनों प्रकार के मिशनों के लिए विकसित किया गया है. इसमें Autonomous Flight, रडार से बचने की क्षमता और आधुनिक हथियारों के इस्तेमाल जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. इसे भविष्य में मानवयुक्त लड़ाकू विमानों के साथ मिलकर ऑपरेशन करने के लिए भी तैयार किया जा रहा है.

Baykar के अनुसार, 20 मई 2026 को Kızılelma ने इटली के M-346 विमान के साथ Autonomous Formation Flight का प्रदर्शन किया था. यह मानवयुक्त और मानवरहित विमानों के संयुक्त संचालन (Manned-Unmanned Teaming) की दिशा में महत्वपूर्ण परीक्षण था.

Kızılelma की लंबाई 14.5 मीटर, विंगस्पैन 10 मीटर और अधिकतम टेक-ऑफ वजन 8,500 किलोग्राम है. यह अधिकतम Mach 0.9 की गति से उड़ान भर सकता है और तीन घंटे से अधिक समय तक हवा में रह सकता है. इसकी पेलोड क्षमता 1,500 किलोग्राम है.

तीन Kızılelma विमानों की सैन्य सेवा में एंट्री तुर्किये के रक्षा उद्योग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है. इससे देश ने मानवरहित लड़ाकू विमानों के विकास और उनके सैन्य इस्तेमाल के क्षेत्र में अपनी तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *