India-Malaysia संयुक्त सैन्य अभ्यास Harimau Shakti 2026 शुरू, 240 सैनिक लेंगे हिस्सा
India-Malaysia के बीच छठा द्विपक्षीय संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘Harimau Shakti 2026’ 19 नवंबर को मलेशिया के इपोह में शुरू हो गया. यह सैन्य अभ्यास 30 नवंबर 2026 तक चलेगा. इसमें India और Malaysia की सेनाओं के 120-120 सैन्यकर्मी हिस्सा ले रहे हैं. इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय VII के तहत उप-पारंपरिक अभियानों के संचालन में दोनों देशों की सैन्य क्षमताओं को मजबूत करना और आतंकवाद-रोधी अभियानों में आपसी समन्वय बढ़ाना है.
हरिमौ शक्ति भारत और मलेशिया के बीच आयोजित होने वाला द्विपक्षीय सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास है. इसका आयोजन बारी-बारी से दोनों देशों में किया जाता है. इस अभ्यास के छठे संस्करण में दोनों देशों की सेनाएं जंगल और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में संयुक्त अभियानों का प्रशिक्षण लेंगी. इसके तहत संयुक्त योजना, सामरिक समन्वय और आधुनिक सैन्य प्रौद्योगिकियों के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि दोनों सेनाओं की अंतर-संचालन क्षमता और अभियानगत प्रभावशीलता को बेहतर बनाया जा सके.
आतंकवाद-रोधी अभियानों और सामरिक प्रशिक्षण पर जोर

अभ्यास के शुरुआती चरण में दोनों देशों के सैन्यकर्मी एक-दूसरे की परिचालन प्रक्रियाओं और सैन्य कार्यप्रणालियों से परिचित होंगे. इसके बाद संयुक्त सामरिक प्रशिक्षण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. इनमें संयुक्त कमान पोस्ट और निगरानी केंद्र स्थापित करना, आतंकवाद-रोधी अभियान चलाना, छापेमारी, घेराबंदी एवं तलाशी अभियान तथा युद्धक इंजीनियरिंग से जुड़े अभ्यास शामिल हैं.
इस बार के अभ्यास में मानवरहित हवाई प्रणालियों (UAS) और ड्रोन-रोधी प्रणालियों (C-UAS) के इस्तेमाल पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा. सैन्य टुकड़ियां टोही और निगरानी अभियानों में यूएएस का एकीकृत इस्तेमाल करेंगी. इसके साथ ही शत्रु के ड्रोन का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने से जुड़ी क्षमताओं का भी अभ्यास किया जाएगा. इसका उद्देश्य आधुनिक युद्धक्षेत्र में मानवरहित प्रणालियों के प्रभावी इस्तेमाल और उनसे निपटने की क्षमता को मजबूत करना है.
संयुक्त अभियान के साथ होगा अभ्यास का समापन

हरिमौ शक्ति-2026 का समापन आतंकवाद-रोधी अभियान के एक काल्पनिक परिदृश्य पर आधारित संयुक्त सटीकता जांच अभ्यास के साथ होगा. इसमें दोनों देशों के सैन्यकर्मी समन्वित जमीनी अभियान चलाने के साथ एकीकृत निगरानी और मानवरहित प्रणालियों का इस्तेमाल करेंगे.
इस संयुक्त सैन्य अभ्यास से भारत और मलेशिया की सेनाओं को अपनी रणनीतिक, तकनीकी और परिचालन संबंधी सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को साझा करने का अवसर मिलेगा. इससे दोनों देशों के सैन्यकर्मियों के बीच आपसी समझ और समन्वय बेहतर होगा. साथ ही, यह अभ्यास भारत-मलेशिया रक्षा सहयोग और द्विपक्षीय सैन्य संबंधों को मजबूत करने के साथ क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता में भी योगदान देगा.