India-Japan 2+2 वार्ता: टोक्यो में रक्षा, AI और सप्लाई चेन पर बड़े फैसले; भारतीय फायरिंग रेंज में मिसाइल परीक्षण करेगी जापानी सेना
बदलते वैश्विक भू-राजनीतिक परिदृश्य और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ती चुनौतियों के बीच India-Japan ने अपने रणनीतिक और रक्षा संबंधों को एक नई ऊंचाई पर ले जाने का फैसला किया है. गुरुवार को टोक्यो में आयोजित चौथी India-Japan 2+2 विदेश और रक्षा मंत्रिस्तरीय बैठक में भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, जबकि जापान की ओर से विदेश मंत्री मोतेगी तोशिमित्सु और रक्षा मंत्री कोइज़ुमी शिंजिरो शामिल हुए.
भारतीय फायरिंग रेंज में पहली बार उतरेगी जापानी सेना
इस बैठक का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक फैसला रक्षा सहयोग के क्षेत्र में लिया गया. दोनों देशों ने भारत में फायरिंग रेंज के उपयोग के लिए एक आशय पत्र (LOI) पर हस्ताक्षर किए हैं. इसके तहत जापान सेल्फ-डिफेंस फोर्स (JSDF) पहली बार भारत की फायरिंग रेंज में सतह से जहाज पर मार करने वाली मिसाइलों (Surface-to-Ship Missiles) सहित लाइव-फायर युद्धाभ्यास करेगी. इसके अलावा, ‘जापान के साथ डिजाइन, मेक इन इंडिया’ (Design with Japan, Make in India) के तहत रक्षा औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने और फरवरी 2027 तक ‘यूनिकॉर्न’ (UNICORN) प्रोजेक्ट को मंजूरी (AoN) देने पर भी सहमति बनी है.

चीन को कड़ा संदेश: यथास्थिति बदलने के प्रयास बर्दाश्त नहीं
किसी भी देश का नाम लिए बिना, दोनों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की आक्रामकता और आर्थिक दबाव (Economic Coercion) पर गंभीर चिंता जताई. मंत्रियों ने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था कानून के शासन और संप्रभुता के सम्मान पर आधारित होनी चाहिए और यथास्थिति को एकतरफा बदलने के किसी भी प्रयास से बचा जाना चाहिए. इसके साथ ही, मनमाने निर्यात प्रतिबंधों और वैश्विक सप्लाई चेन को बाधित करने वाली नीतियों के खिलाफ सेमीकंडक्टर, क्रिटिकल मिनरल्स, स्वच्छ ऊर्जा और फार्मा सेक्टर में एक भरोसेमंद सप्लाई चेन बनाने पर जोर दिया गया.
AI, साइबर सुरक्षा और अंतरिक्ष में बढ़ेगा तालमेल
तकनीकी मोर्चे पर दोनों देशों ने ‘जापान-इंडिया एआई कोऑपरेशन इनिशिएटिव’ (JAI) के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई. इसके अतिरिक्त:
समुद्री सुरक्षा: भारतीय नौसेना और जापानी नौसेना के बीच समुद्री निगरानी (MDA), आपदा राहत और संयुक्त रूप से युद्धपोत (Naval Ship) डिजाइन करने की संभावनाओं पर काम होगा. फरवरी 2027 में भारत 5वें कोस्ट गार्ड ग्लोबल समिट की मेजबानी करेगा.
डिजिटल कनेक्टिविटी: सुरक्षित और हाई-स्पीड अंडरसी (समुद्र के नीचे) केबल नेटवर्क विकसित करने और साइबर हमलों से निपटने के लिए साइबर संवाद जल्द आयोजित होगा.
अंतरिक्ष सहयोग: स्पेस सिचुएशनल अवेयरनेस (SSA) के क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाई जाएगी.
आतंकवाद पर प्रहार और UNSC में सुधार की मांग

बैठक में सीमा पार आतंकवाद की कड़ी निंदा की गई. दोनों देशों ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT), जैश-ए-मोहम्मद (JeM), अल कायदा और आईएसआईएस जैसे संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के सुरक्षित ठिकानों और उनकी फंडिंग को जड़ से खत्म करने का आह्वान किया. वहीं, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में सुधार की मांग को दोहराते हुए भारत और जापान ने स्थायी सदस्यता के लिए एक-दूसरे की दावेदारी का पुरजोर समर्थन किया.
2027 होगा ‘भारत-जापान साझा क्षितिज वर्ष’
दोनों देशों के राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में साल 2027 को ‘India-Japan साझा क्षितिज वर्ष’ (India-Japan Year of Shared Horizons) के रूप में मनाया जाएगा. इसके लिए आधिकारिक लोगो जारी कर दिया गया है और जापान के सानो शहर में एक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच के साथ इसका आगाज भी हो चुका है. अब अगली 2+2 मंत्रिस्तरीय बैठक भारत में आयोजित की जाएगी.