Israel और Czech Republic के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने पर सहमति, Arrow Missile Defense यूनिट पहुंचे चेक पीएम
Israel और Czech Republic ने अपने रक्षा संबंधों को और मजबूत करने तथा वायु एवं मिसाइल रक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की है. चेक प्रधानमंत्री आंद्रेज बाबिश की आधिकारिक इजराइल यात्रा के दौरान चेक रक्षा मंत्री जारोमिर जुना और चेक सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल मिरोस्लाव हलावाच ने इजराइल के वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की. इस दौरान दोनों देशों के बीच संयुक्त रक्षा परियोजनाओं, सैन्य क्षमताओं के विकास और रक्षा साझेदारी को विस्तार देने पर विचार-विमर्श हुआ.
Israel के रक्षा मंत्रालय (IMOD) ने चेक रक्षा मंत्री जारोमिर जुना और चेक सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल मिरोस्लाव हलावाच की मेजबानी की. बैठक में इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति और विभिन्न मोर्चों पर इजराइल के सामने मौजूद चुनौतियों की विस्तृत जानकारी दी. दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को मजबूत करने और आपसी सहयोग का दायरा बढ़ाने पर चर्चा की.
संयुक्त रक्षा परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर
Israel के रक्षा मंत्रालय के महानिदेशक मेजर जनरल (रिटायर्ड) अमीर बाराम ने चेक प्रतिनिधिमंडल को मंत्रालय की आगामी दशक के लिए रक्षा रणनीति की जानकारी दी. उन्होंने बदलते रणनीतिक सुरक्षा वातावरण, दीर्घकालिक सैन्य क्षमता निर्माण और अंतरराष्ट्रीय रक्षा साझेदारियों के महत्व पर प्रकाश डाला.

बैठक में दोनों देशों के बीच संयुक्त परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई. इनमें विशेष रूप से वायु एवं मिसाइल रक्षा और सैन्य बलों की क्षमताओं के विस्तार से जुड़े कार्यक्रम शामिल रहे.
चेक प्रधानमंत्री ने एरो मिसाइल डिफेंस यूनिट का किया दौरा
यात्रा के दौरान चेक प्रधानमंत्री आंद्रेज बाबिश और उनके प्रतिनिधिमंडल ने इजराइल के रक्षा मंत्रालय के महानिदेशक अमीर बाराम के साथ इजराइल की वायु एवं मिसाइल रक्षा प्रणाली की एरो (Arrow) यूनिट का दौरा किया. प्रतिनिधिमंडल ने इजराइल के रक्षा अनुसंधान एवं विकास निदेशालय (DDR&D) के अंतर्गत इजराइल मिसाइल डिफेंस ऑर्गनाइजेशन (IMDO) के केंद्र का भी निरीक्षण किया.
IMDO इजराइल की बहुस्तरीय वायु एवं मिसाइल रक्षा प्रणाली में शामिल एरो (Arrow), डेविड्स स्लिंग (David’s Sling) और आयरन डोम (Iron Dome) प्रणालियों के विकास और उत्पादन का नेतृत्व करता है. ये प्रणालियां अलग-अलग प्रकार के हवाई और मिसाइल खतरों से इजराइल की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.
इस यात्रा और बैठकों में इजराइल के रक्षा अनुसंधान एवं विकास निदेशालय के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल (रिटायर्ड) डॉ. डेनियल गोल्ड, SIBAT के निदेशक ब्रिगेडियर जनरल (रिटायर्ड) यायर कुलास, राजनीतिक-सैन्य ब्यूरो के वरिष्ठ उप प्रमुख इलान मेजुशन और चेक गणराज्य में इजराइल के राजदूत अमीर वाइसब्रॉड सहित दोनों देशों के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए.
चेक गणराज्य पहले ही खरीद चुका है इजराइली रक्षा प्रणालियां

Israel के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, चेक गणराज्य यूरोप में इजराइल के करीबी सहयोगियों में से एक है और युद्ध के दौरान उसने इजराइल का समर्थन किया है. दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग इजराइल की अंतरराष्ट्रीय रक्षा साझेदारियों को मजबूत करने और रक्षा निर्यात बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है.
चेक गणराज्य पहले ही इजराइल की दो प्रमुख रक्षा प्रणालियों की खरीद कर चुका है. वर्ष 2019 में उसने इजराइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (IAI) की ELTA डिवीजन द्वारा विकसित MMR रडार का चयन किया था. इसके बाद वर्ष 2021 में राफेल (Rafael) की SPYDER वायु रक्षा प्रणाली खरीदने का फैसला किया.
दोनों रक्षा कार्यक्रमों पर सरकार-से-सरकार (G2G) समझौतों के तहत हस्ताक्षर किए गए थे, जिनका नेतृत्व इजराइल के रक्षा मंत्रालय ने किया था. इजराइल के अनुसार, इन दोनों प्रणालियों की खरीद के साथ चेक गणराज्य NATO का पहला सदस्य देश बना, जिसने इन प्रणालियों को शुरू से अंत तक सरकार-से-सरकार व्यवस्था के माध्यम से खरीदा.
इजराइल का मानना है कि चेक गणराज्य जैसे देशों के साथ रक्षा साझेदारी न केवल इजराइली सेना (IDF) की सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने में मदद करती है, बल्कि रक्षा निर्यात, विदेश नीति के उद्देश्यों और देश के रक्षा उद्योग के साथ व्यापक अर्थव्यवस्था के विकास को भी बढ़ावा देती है.