अमेरिकी नौसेना के लिए 82 और Lionfish अंडरवाटर ड्रोन बनाएगी HII, कुल संख्या 175 होगी
अमेरिकी रक्षा कंपनी HII को अमेरिकी नौसेना के लिए 82 अतिरिक्त Lionfish छोटे मानव रहित अंडरवाटर व्हीकल (SUUV) बनाने का संशोधित अनुबंध मिला है. इस नए ऑर्डर के साथ कंपनी अब अमेरिकी नौसेना के लिए कुल 175 Lionfish अंडरवाटर ड्रोन का निर्माण, परीक्षण और डिलीवरी करेगी. हालांकि, इस कार्यक्रम के तहत भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाकर 200 तक करने की भी संभावना है.
HII के अनुसार, यह ऑर्डर अमेरिकी नौसेना के साथ चल रहे पांच वर्षीय उत्पादन कार्यक्रम का हिस्सा है. इस कार्यक्रम का संभावित कुल अनुबंध मूल्य 347 मिलियन डॉलर से अधिक है. कंपनी ने यह भी बताया कि 21 अक्टूबर 2026 तक वह अमेरिकी नौसेना को 50 Lionfish SUUV की डिलीवरी कर चुकी है.
Lionfish को HII के व्यावसायिक REMUS 300 प्लेटफॉर्म के आधार पर विकसित किया गया है. इसका विकास अमेरिकी नौसेना और डिफेंस इनोवेशन यूनिट (DIU) के सहयोग से शुरू की गई रैपिड प्रोटोटाइपिंग पहल के तहत हुआ था. इसे समुद्र के भीतर विभिन्न सैन्य अभियानों की जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार किया गया है.
कई खूबियों से लैस हैं यह Lionfish

यह मानव रहित अंडरवाटर व्हीकल समुद्र के भीतर बारूदी सुरंगों का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने (Mine Countermeasures), खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी और टोही (ISR), पनडुब्बी रोधी युद्ध (Anti-Submarine Warfare) और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर जैसे अभियानों में इस्तेमाल किया जा सकता है.
HII के मिशन टेक्नोलॉजीज डिवीजन के अनमैन्ड सिस्टम्स ग्रुप के अध्यक्ष डुआने फोदरिंगम ने कहा कि संशोधित अनुबंध अमेरिकी नौसेना के Lionfish और इसकी परिचालन क्षमताओं में निरंतर निवेश को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि कंपनी बदलती सैन्य जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नौसैनिकों और मरीन को समुद्र के भीतर युद्ध अभियानों के लिए उन्नत autonomous systems उपलब्ध कराने पर काम कर रही है.
HII के अनुसार, Lionfish कार्यक्रम अमेरिकी नौसेना का पहला ऐसा सफल कार्यक्रम है, जिसमें Other Transaction Authority (OTA) के तहत विकसित प्रोटोटाइप को पूर्ण पैमाने पर उत्पादन तक पहुंचाया गया है. यह व्यावसायिक तकनीकों को तेजी से सैन्य उपयोग में लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. कंपनी का यह भी दावा है कि Lionfish वर्तमान में अमेरिकी नौसेना के लिए उत्पादन में मौजूद पहला और एकमात्र साइबर सुरक्षा मानकों के अनुरूप मानव रहित अंडरवाटर व्हीकल है.
इसका आधार REMUS 300 एक मॉड्यूलर और ओपन-आर्किटेक्चर प्लेटफॉर्म है. इसकी डिजाइन के कारण इसमें अलग-अलग मिशनों के लिए नए पेलोड जोड़े जा सकते हैं और भविष्य में तकनीकी अपग्रेड भी किए जा सकते हैं. इससे बदलती परिचालन जरूरतों के अनुसार इसकी क्षमताओं में बदलाव करना आसान होता है.
HII के मुताबिक, कंपनी अब तक दुनिया के 30 से अधिक देशों को 750 से ज्यादा REMUS अंडरवाटर व्हीकल की आपूर्ति कर चुकी है. इनमें NATO के 14 सदस्य देश भी शामिल हैं. कंपनी का दावा है कि पिछले 25 वर्षों में डिलीवर किए गए REMUS सिस्टम में से 90 प्रतिशत से अधिक आज भी सक्रिय सेवा में हैं.
हाल ही में HII ने अमेरिका के मैसाचुसेट्स स्थित पोकेसेट में अपने unmanned systems उत्पादन परिसर के विस्तार का भी जश्न मनाया. कंपनी के अनुसार, यह विस्तार autonomous maritime platforms की बढ़ती वैश्विक मांग और इस क्षेत्र में अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने की उसकी रणनीति का हिस्सा है.