Indian Navy के लंबी दूरी के समुद्री टोही अभियान के 50 साल पूरे, INAS 312 ने मनाई स्वर्ण जयंती
Indian Navy ने 18 नवंबर 2026 को लंबी दूरी के समुद्री टोही अभियानों (LRMR) के 50 वर्ष पूरे होने पर स्वर्ण जयंती मनाई. यह अवसर भारतीय नौसेना वायु स्क्वाड्रन (INAS) 312 की स्थापना के 50 साल पूरे होने का भी प्रतीक है. ‘अल्बाट्रॉस’ के नाम से प्रसिद्ध यह स्क्वाड्रन पिछले पांच दशकों से भारत की समुद्री सुरक्षा, हवाई निगरानी और समुद्री क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.
भारतीय नौसेना के अनुसार, वर्ष 1971 के युद्ध के बाद लंबी दूरी तक समुद्री निगरानी करने वाले तट-आधारित विमानों की आवश्यकता महसूस हुई थी. ऐसे विमानों की जरूरत थी, जो नौसेना के युद्धपोतों और हेलीकॉप्टरों के साथ मिलकर समुद्री अभियानों को प्रभावी बना सकें. इसी आवश्यकता को देखते हुए 18 नवंबर 1976 को गोवा स्थित आईएनएस हंसा में INAS 312 की स्थापना की गई. शुरुआत में इस स्क्वाड्रन को भारतीय वायु सेना से हस्तांतरित किए गए पांच लॉकहीड सुपर कॉन्स्टेलेशन विमानों से सुसज्जित किया गया था.

समय के साथ बढ़ी समुद्री निगरानी की क्षमता
वर्ष 1977 में इल्युशिन Il-38 विमानों को शामिल किए जाने से भारतीय नौसेना की समुद्री टोही और पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमता को मजबूती मिली. इसके बाद वर्ष 1988 में टुपोलेव Tu-142M विमानों को शामिल किया गया. इन विमानों ने हिंद महासागर क्षेत्र में भारतीय नौसेना की लंबी दूरी तक समुद्री निगरानी करने की क्षमता का विस्तार किया.
वर्ष 2013 में अरक्कोनम स्थित आईएनएस राजाली में बोइंग P-8I विमानों को शामिल करना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि रही. आधुनिक सेंसर और निगरानी प्रणालियों से लैस इन विमानों ने खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी एवं टोही (ISR), पनडुब्बी रोधी युद्ध और समुद्री हमले की क्षमता को और उन्नत बनाया.

कई महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों में निभाई भूमिका
पिछले 50 वर्षों में भारतीय नौसेना के लंबी दूरी के समुद्री टोही विमानों ने कई महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों में योगदान दिया है. इनमें ऑपरेशन कैक्टस, ऑपरेशन विजय, ऑपरेशन पराक्रम और ऑपरेशन सिंदूर शामिल हैं. इसके अलावा इन विमानों ने समुद्री डकैती विरोधी अभियानों और खोज एवं बचाव (SAR) मिशनों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
वर्तमान में अरक्कोनम स्थित आईएनएस राजाली में तैनात INAS 312 के P-8I विमान और गोवा स्थित आईएनएस हंसा में तैनात INAS 316 के विमान हिंद महासागर क्षेत्र और उससे आगे लगातार समुद्री निगरानी कर रहे हैं. इनकी मदद से भारतीय नौसेना समुद्री गतिविधियों पर नजर रखने और देश के समुद्री हितों की सुरक्षा करने में सक्षम है.
नौसैनिक कर्मियों के योगदान को किया सम्मानित

INAS 312 की स्वर्ण जयंती के अवसर पर उन सभी पीढ़ियों के नौसैनिक विमान चालकों, मिशन क्रू, तकनीकी रखरखाव कर्मियों और सहयोगी कर्मचारियों के योगदान को सम्मानित किया गया, जिन्होंने इस महत्वपूर्ण क्षमता को विकसित करने और बनाए रखने में भूमिका निभाई है.
पांच दशकों का यह सफर भारतीय नौसेना की समुद्री निगरानी क्षमता में आए तकनीकी बदलाव और परिचालन विस्तार को दर्शाता है. सुपर कॉन्स्टेलेशन विमानों से शुरू हुआ यह सफर आज आधुनिक P-8I विमानों तक पहुंच चुका है, जो भारत की समुद्री सुरक्षा और हिंद महासागर क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं.