अमेरिका ने Minuteman III इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया, 300 से अधिक टेस्ट लॉन्च पूरे
अमेरिकी वायुसेना की एयर फोर्स ग्लोबल स्ट्राइक कमांड (AFGSC) ने 18 नवंबर 2026 को कैलिफोर्निया स्थित वैंडेनबर्ग स्पेस फोर्स बेस से Minuteman III इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) का परीक्षण किया. यह मिसाइल बिना परमाणु हथियार (Unarmed) के लॉन्च की गई. मिसाइल का प्रक्षेपण अमेरिकी प्रशांत समय के अनुसार मंगलवार रात 11:01 बजे किया गया.
अमेरिकी वायुसेना ने इस परीक्षण को ‘Glory Trip 257’ नाम दिया था. कमांड के अनुसार, यह एक नियमित परीक्षण था, जिसकी योजना कई साल पहले बनाई गई थी. इसका दुनिया में चल रही मौजूदा घटनाओं या किसी अंतरराष्ट्रीय तनाव से कोई संबंध नहीं है.
इस परीक्षण का मुख्य उद्देश्य Minuteman III मिसाइल प्रणाली की परिचालन क्षमता और इससे जुड़े पूरे ICBM तंत्र का मूल्यांकन करना था. परीक्षण से प्राप्त आंकड़ों का इस्तेमाल विभिन्न सरकारी एजेंसियां मिसाइल प्रणाली के रखरखाव, इंजीनियरिंग और उसके पूरे सेवा जीवन से जुड़े विश्लेषण में करेंगी.

एयर फोर्स ग्लोबल स्ट्राइक कमांड के अनुसार, अमेरिकी वायुसेना अब तक Minuteman III मिसाइल के 300 से अधिक परीक्षण प्रक्षेपण कर चुकी है.
एयर फोर्स ग्लोबल स्ट्राइक कमांड के कमांडर अमेरिकी वायुसेना के जनरल एस. एल. डेविस ने कहा कि इस तरह के कठोर और वास्तविक परिस्थितियों पर आधारित परीक्षणों को सफलतापूर्वक पूरा करने में अमेरिकी वायुसेना के कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने कहा कि ये परीक्षण Minuteman मिसाइल प्रणाली की सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने की बुनियाद हैं.
Minuteman III अमेरिका की परमाणु त्रय (Nuclear Triad) का महत्वपूर्ण हिस्सा है. यह जमीन पर तैनात इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल है, जो अमेरिका की रणनीतिक परमाणु प्रतिरोधक क्षमता में अहम भूमिका निभाती है.