Japan के हवाई क्षेत्र में घुसे 2 संदिग्ध Russian Military Aircraft , एयरफोर्स ने लड़ाकू विमान किए रवाना
Japan के हवाई क्षेत्र में दो संदिग्ध रूसी सैन्य विमानों के प्रवेश करने के बाद जापान की वायुसेना ने अपने लड़ाकू विमानों को तत्काल रवाना किया. जापान ने इस घटना को अपनी संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताते हुए रूस के सामने राजनयिक माध्यमों से कड़ा विरोध दर्ज कराया है.
जापान के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह घटना 17 नवंबर की सुबह देश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में ओकिनोशिमा द्वीप के आसपास हुई. मंत्रालय ने बताया कि दो विमानों ने जापान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया और कुछ मिनट बाद बाहर निकल गए. जापानी अधिकारियों को संदेह है कि ये विमान रूस के थे.
Japan की एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स (JASDF) ने संदिग्ध विमानों की गतिविधियों पर नजर रखने और हवाई क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लड़ाकू विमानों को रवाना किया. जापानी लड़ाकू विमानों ने संदिग्ध विमानों को चेतावनी भी दी.

जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव मिनोरू किहारा ने कहा कि जापानी हवाई क्षेत्र का उल्लंघन देश की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन है और इससे उसकी सुरक्षा को खतरा पैदा होता है. उन्होंने कहा कि जापान ने रूस के सामने इस मामले को उठाया है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है.
रूस के साथ बढ़ सकता है तनाव
Japan और रूस के बीच लंबे समय से क्षेत्रीय विवाद और सुरक्षा संबंधी तनाव बना हुआ है. ऐसे में संदिग्ध रूसी सैन्य विमानों का जापानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश करना दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद तनाव को और बढ़ा सकता है. हालांकि, जापान ने इन विमानों को संदिग्ध रूसी विमान बताया है.