F-35B फाइटर जेट से पहली बार किया गया Meteor Missile का जेटिसन परीक्षण
यूरोपीय रक्षा कंपनी MBDA की हवा से हवा में मार करने वाली लंबी दूरी की ‘Meteor Missile’ ने अमेरिका में F-35B स्टील्थ फाइटर जेट के साथ अपने एकीकरण कार्यक्रम में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. 7 अक्टूबर को अमेरिका में पहली बार F-35B के आंतरिक हथियार बे (Internal Weapons Bay) से Meteor मिसाइल का जेटिसन परीक्षण किया गया. इस परीक्षण के साथ F-35 और Meteor के एकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है.
MBDA के अनुसार, यह परीक्षण विकासात्मक परीक्षणों (Developmental Tests) की श्रृंखला का पहला चरण था. इसमें यह जांचा गया कि F-35B के आंतरिक हथियार बे से अलग होने के दौरान मिसाइल सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकलती है या नहीं. जेटिसन परीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होता है कि हथियार विमान से अलग होते समय उसके फ्यूजलेज, विंग स्ट्रक्चर या अन्य हिस्सों से न टकराए और विमान की उड़ान स्थिरता पर भी कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े.
परीक्षण के दौरान F-35B के आंतरिक हथियार बे से Meteor Missile को एक जटिल वायुगतिकीय वातावरण में सुरक्षित तरीके से अलग किया गया. इस परीक्षण से प्राप्त आंकड़े हथियार के रिलीज होने के व्यवहार का आकलन करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले प्रिडिक्टिव डिजिटल मॉडल को और बेहतर बनाने में मदद करेंगे.
MBDA के मुताबिक, आने वाले महीनों में Meteor मिसाइल को अलग-अलग रिलीज प्रोफाइल के तहत परीक्षणों से गुजारा जाएगा. इन परीक्षणों का उद्देश्य F-35 के विभिन्न परिचालन परिस्थितियों में मिसाइल के सुरक्षित अलगाव की पुष्टि करना है. विकासात्मक परीक्षणों की यह श्रृंखला आगे चलकर वास्तविक मिसाइल फायरिंग (Live Firings) तक पहुंचेगी. इसमें विमान से अलग होने के बाद मिसाइल की उड़ान क्षमता और उसके प्रदर्शन का भी मूल्यांकन किया जाएगा.
इस परीक्षण के लिए इस्तेमाल किए गए टेस्ट मिसाइल सिस्टम को तैयार करने और F-35B में लोड करने का काम ब्रिटेन और अमेरिका की संयुक्त F-35 इंटीग्रेटेड टेस्ट फोर्स (ITF) टीम ने किया. इस टीम में ब्रिटिश रॉयल नेवी, रॉयल एयर फोर्स और लॉकहीड मार्टिन के विशेषज्ञ शामिल थे. परीक्षण उड़ान ब्रिटिश रॉयल नेवी के एक F-35 टेस्ट पायलट ने संचालित की, जो एयर एंड स्पेस वॉरफेयर सेंटर (ASWC) से जुड़े हैं और F-35 ITF में तैनात हैं.
इस कार्यक्रम में ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय, अमेरिकी रक्षा विभाग, इटली के रक्षा मंत्रालय, लॉकहीड मार्टिन, BAE Systems, MBDA और Northrop Grumman ने सहयोग किया है.
Meteor मिसाइल का F-35 के साथ एकीकरण ब्रिटेन और इटली की कॉम्बैट एयर क्षमताओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण है. इसके पूरा होने से F-35 लड़ाकू विमानों को हवा से हवा में मार करने वाले हथियारों का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और उनकी हवाई युद्ध क्षमता में वृद्धि होगी.