कैबिनेट ने Agniveer को 2 साल की अतिरिक्त सेवा का दिया विकल्प, नियमित सैनिक बनने का मिलेगा एक और मौका
केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना के तहत भर्ती होने वाले अग्निवीरों के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है. मंत्रिमंडल ने शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा का विकल्प देने को मंजूरी दी है. इस अवधि को पूरा करने के बाद इन अग्निवीरों को नियमित सैनिक बनने का एक और अवसर मिलेगा. हालांकि, इसके लिए उन्हें अपनी इच्छा के साथ निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करना होगा.
रक्षा मंत्रालय की ओर से 4 नवंबर 2026 को जारी जानकारी के अनुसार, अग्निपथ योजना के पिछले चार वर्षों के दौरान अग्निवीरों के प्रदर्शन का विस्तृत आकलन किया गया है. संगठनात्मक आवश्यकताओं और सैन्य दक्षता को ध्यान में रखते हुए किए गए इस मूल्यांकन में अग्निवीरों के कौशल, प्रेरणा, शारीरिक फिटनेस और तकनीकी दक्षता को उत्कृष्ट पाया गया है.
25 प्रतिशत Agniveer को पहले की व्यवस्था के तहत मिलेगी नियमित सेवा
सरकार ने स्पष्ट किया है कि पहले से निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, योग्यता के आधार पर 25 प्रतिशत अग्निवीरों को रक्षा बलों में नियमित सेवा का अवसर दिया जाएगा. वहीं, शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों के लिए दो साल की अतिरिक्त सेवा का विकल्प उपलब्ध होगा. यह विकल्प स्वैच्छिक होगा.
दो साल की अतिरिक्त सेवा पूरी करने के बाद इन अग्निवीरों को नियमित सैनिकों के रूप में भर्ती होने का अवसर दिया जाएगा. इसके लिए उनकी इच्छा और निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करना आवश्यक होगा.
रक्षा बलों की सिफारिशों के आधार पर स्वीकृत इस व्यवस्था का उद्देश्य अग्निवीरों की आकांक्षाओं और रक्षा बलों की संगठनात्मक जरूरतों के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करना है.
अग्निपथ योजना के चार साल के प्रदर्शन का किया गया आकलन
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, अग्निपथ योजना के चार साल पूरे होने के बाद इसकी प्रभावशीलता और अग्निवीरों के प्रदर्शन को लेकर विस्तृत फीडबैक लिया गया. इस आकलन में योजना के तहत कई सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं.
इसके तहत देश के विभिन्न जिलों से अग्निवीरों की भर्ती का दायरा बढ़ा है. भर्ती प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक मानकीकृत और पारदर्शी हुई है. इसके अलावा अग्निवीरों में शारीरिक फिटनेस, मनोबल, प्रेरणा, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और अनुशासन का स्तर भी काफी बेहतर पाया गया है.

मंत्रालय के मुताबिक, सेवा के दौरान अग्निवीरों के कौशल, तकनीकी अनुकूलन क्षमता और शैक्षणिक योग्यता में भी वृद्धि हुई है. साथ ही रक्षा बलों की विभिन्न शाखाओं में महिलाओं के लिए अवसरों का विस्तार हुआ है.
अतिरिक्त सेवा के दौरान मिलेगा बेहतर पारिश्रमिक और सेवा निधि पैकेज
सरकार ने बताया कि अग्निपथ योजना जारी रहेगी. दो साल की अतिरिक्त सेवा अवधि के दौरान अग्निवीरों को पहले की तुलना में अधिक पारिश्रमिक, बेहतर सेवा निधि पैकेज और वरिष्ठता से जुड़े लाभ दिए जाएंगे.
इस फैसले के जरिए सरकार ने अग्निवीरों के लिए नियमित सैनिक बनने का एक अतिरिक्त रास्ता तैयार किया है. हालांकि, दो साल की अतिरिक्त सेवा पूरी करने मात्र से नियमित नियुक्ति सुनिश्चित नहीं होगी. इसके लिए निर्धारित चयन प्रक्रिया और मानदंडों को पूरा करना जरूरी होगा.