Strait of Hormuz में 2 तेल टैंकरों पर प्रोजेक्टाइल से हमला, सभी 29 भारतीय नाविक सुरक्षित
Strait of Hormuz में दो तेल टैंकरों को प्रोजेक्टाइल हमलों का निशाना बनाया गया है. इन दोनों जहाजों पर कुल 29 भारतीय नाविक सवार थे. राहत की बात यह है कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
इस घटना की जानकारी केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए दी है.
जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को लाइबेरिया के झंडे वाला विशाल कच्चा तेल टैंकर (VLCC) MT ARZANAH प्रोजेक्टाइल हमले का निशाना बना. इस जहाज पर दो भारतीय नागरिक सवार थे. इसके अगले दिन यानी 30 अक्टूबर को पनामा के झंडे वाले कच्चे तेल टैंकर MT LOUISE 1 पर भी प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया.
सभी 29 भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित

इस जहाज पर 27 भारतीय नाविक मौजूद थे. दोनों जहाजों पर सवार सभी 29 भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं. हमलों में किसी भी भारतीय नाविक के घायल होने की सूचना नहीं है.
इस घटनाक्रम के बाद भारतीय नाविकों की सुरक्षा और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. संबंधित पक्ष जहाजों का प्रबंधन करने वाली कंपनियों के साथ समन्वय कर रहे हैं, ताकि जहाजों पर तैनात भारतीय चालक दल की सुरक्षा और उनके कल्याण को सुनिश्चित किया जा सके.
होर्मुज जलडमरूमध्य अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और कच्चे तेल की आपूर्ति के लिहाज से दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है. ऐसे में यहां तेल टैंकरों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं समुद्री सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करती हैं.